इलाहाबाद (ब्यूरो)। गुरु पूजन के पर्व गुरु पूर्णिमा पर शुक्रवार को शिक्षण संस्थानों में भी छात्र-छात्राओं ने शिक्षकों की वंदना करके उनका सम्मान किया। गुरु पूर्णिमा के दिन महर्षि पतंजलि विद्या मंदिर में छात्र-छात्राओं ने अपने शिक्षकों का सम्मान करके गुरु पूजन किया। महर्षि पतंजलि के छात्रों के लिए गुरु पूर्णिमा का दिन विशेष रहा।
इसी दिन विद्यालय का स्थापना दिवस भी है। विद्यालय की स्थापना के 29 वर्ष पूरा होने पर विद्यालय की सचिव प्रो.कृष्णा गुप्ता एवं कोषाध्यक्ष रवीन्द्र गुप्ता ने विद्यालय के छात्रों, शिक्षकों एवं प्रधानाचार्या को बधाई दी। इस मौके पर विद्यालय में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी हुआ। प्रधानाचार्या सुष्मिता कानूनगो ने बच्चों को गुरु पूर्णिमा पर मेहनत से पढ़ाई करने की सीख दी।
गंगागुरुकुलम स्कूल में भी गुरु पूर्णिमा पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। गुरु पूर्णिमा पर प्राइमरी के बच्चों ने गुरु की महिमा को प्रतिपादित करते हुए शिक्षकों की वंदना की। विद्यालय के हैरीटेज क्लब के बच्चों ने हाथ से बने झंडे, बैनर जिस पर गुरुओं के लिए सुविचार लिखे थे लेकर गुरु की महत्ता का बखान किया। प्रधानाचार्या अल्पना डे ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।