करोड़ाें की लागत वाली नई कंपनियों से उत्पादन जल्द
जिले में सीमेंट, डिस्टलरी समेत करोड़ों रुपये की लागत वाली कई इकाइयों से जल्द उत्पादन शुरू होगा। इनका निर्माण कार्य शुरू है। ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी के क्रम में शुक्र्रवार को कलक्ट्रेट में आयोजित कार्यक्रमों में ऐसे पांच उद्यमियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में तीन करोड़ रुपये से कम निवेश वाली पांच कंपनियों को भी ओेडीओपी गिफ्ट से सम्मानित किया गया। ये गिफ्ट शासन की तरफ से उपलब्ध कराए गए थे। सम्मानित होने वाली कंपनियां बसु इंजीनियरिंग, बेंचुरा ट्रांस मेटल, अभिनव इंटरप्राइजेज, धनवंतरी प्राइजेज और भारत ट्रेडर्स हैं। इसके अलावा जिले के छह औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों को भी सम्मानित किया गया। डीएम संजय कुमार खत्री ने उद्यमियों से अपील की कि वे निवेश के लिए आगे आएं, उन्हें सभी सुविधाएं मिलेंगी।
उन्होंने बताया कि जिले में 14 अरब का निवेश किया गया है। इससे औद्योगिक विकास का माहौल तैयार होगा। विधायक गुरु प्रसाद मौर्य, एमएलसी सुरेंद्र चौधरी ने सरकार की योजनाओं के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम में डॉ. विभा मिश्रा, विनय टंडन, राजीव नैय्यर, जीएस दरबारी, अनिल अग्रवाल, आशीष केसरवानी, अरविंद राय, केके पारोलिया समेत करीब 170 उद्यमी मौजूद रहे। उपायुक्त उद्योग अजय चौरसिया ने संचालन किया।
पांच कंपनियों की वर्तमान में स्थिति
मेजा में चार अरब रुपये की लागत वाली केजेएस सीमेंट कंपनी के लिए जमीन का अधिग्रहण हो चुका है। निर्माण कार्य भी शुरू है। बारा में भी 280 करोड़ रुपये की लागत से इको सीमेंट फैक्ट्री खुलने जा रही है। नैनी स्थित 200 करोड़ रुपये की लागत वाली शिरडी साईं इलेक्ट्रिकल लिमिटेड का भी निर्माण कार्य शुरू है। शिरडी साईं में कुछ ही महीनों में ट्रांसफार्मर के उत्पादन की बात कही जा रही है।
शंकरगढ़ में 167 करोड़ रुपये की लागत वाले मेसर्स महाकौशल एग्रीसाफ्ट का भी निर्माण हो रहा है। वहीं मेेजा में 50 करोड़ की लागत वाली मेसर्स मंगलुरु मिनिरल कंपनी का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। शीशे का रॉ मैटेरियल बनाने वाली यह कंपनी आधुनिक सुविधाओं से लैस है। अन्य औपचारिकताएं पूरी कर जल्द उत्पादन शुरू होने की बात कही जा रही है। कलक्ट्रेट में इन उद्यमियों को सम्मानित करने के साथ जनप्रतिनिधियों एवं अफसरों ने भरोसा दिलाया कि उद्योग चलाने के लिए उन्हें सभी तरह की सुविधाएं मिलेंगी।