हाईकोर्ट में रविवार को आयोजित समारोह में शामिल होने के लिए राज्यपाल रामनाईक और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एक ही हेलीकॉप्टर से इलाहाबाद पहुंचेंगे। समारोह में शामिल होने के बाद दोनों नेता एक ही साथ दिन में 1.05 बजे लखनऊ के लिए रवाना होंगे। ऐसा पहली बार होगा जब राज्यपाल और मुख्यमंत्री किसी समारोह में इस तरह से एक साथ पहुंचेंगे। इसके पीछे वे यह संदेश भी देना चाहते हैं कि मंत्री और अफसर फिजूलखर्ची के प्रति गंभीर हो जाएं।
राज्यपाल के इलाहाबाद आने का कार्यक्रम जिला प्रशासन को मिल गया है। हालांकि, इसमें मुख्यमंत्री का कार्यक्रम शामिल नहीं है लेकिन राजभवन से संदेश आ चुका है कि मुख्यमंत्री भी साथ में होंगे। इसके अनुसार उनका हेलीकॉप्टर रविवार सुबह 9.40 बजे बमरौली एयरपोर्ट पहुंचेगा। वहां से वह प्रधानमंत्री तथा अन्य गणमान्य लोगों के साथ हाईकोर्ट पहुंचेंगे। समारोह के बाद राज्यपाल और मुख्यमंत्री दिन में 12.30 बजे एयरपोर्ट पहुंचेंगे। एयरपोर्ट पर ही वे लंच करेंगे। इसके बाद तकरीबन 1.05 बजे लखनऊ के लिए रवाना होंगे।
सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जगदीश सिंह खेहर का शनिवार को इलाहाबाद आगमन होगा। वह एयर इंडिया की फ्लाइट से दिन में 2.40 बजे बमरौली पहुंचेंगे। अगले दिन वह हाईकोर्ट के समारोह में शामिल होंगे। इसके बाद एयर इंडिया की फ्लाइट से ही रविवार को 3.10 बजे दिल्ली के लिए रवाना होंगे। समारोह में सुप्रीम कोर्ट के पूर्व मुख्य न्यायाधीश वीएन खरे, न्यायमूर्ति कुरियन जोसेफ, न्यायमूर्ति राजीव शर्मा, न्यायमूर्ति दीपक मिश्रा, मानवाधिकार आयोग, लखनऊ के अध्यक्ष न्यायमूर्ति सैय्यद रफत आलम आदि भी शामिल होंगे।