शिवकुटी थाना क्षेत्र के एलआईजी गोविंदपुर में सहायक अध्यापक नीरज यादव के सूने घर पर शुक्रवार रात चोरों ने धावा बोल दिया। ताला तोड़कर घुसे चोरों ने तीन कमरों को पूरी रात इत्मिनान के साथ खंगाला। चोर घर में रखे 80 हजार रुपये, सात लाख कीमत के जेवरात और इलेक्ट्रानिक सामान उठा ले गए। नीरज को शनिवार सुबह पड़ोसियों ने फोन करके चोरी की जानकारी दी। नीरज ने पुलिस को खबर दी तो फील्ड यूनिट के प्रभारी प्रेम नारायण भारती और डॉग स्क्वॉयड मौके पर पहुंचे।
नीरज यादव नवाबगंज में प्राइमरी विद्यालय में सहायक अध्यापक के पद पर तैनात हैं। मूलरूप से फूलपुर के रहने वाले नीरज नेे गोविंदपुर में एलआईजी कालोनी में घर किराए पर ले रखा है। शुक्रवार को शहर में ही उनके एक रिश्तेदार के घर शादी थी। वह पत्नी ज्योति के साथ रात में शादी में हिस्सा लेने चले गए थे। घर पर उन्होंने ताला लगा दिया था। चोर घर में बाहर के कमरे का ताला तोड़कर दाखिल हुए। उसके बाद अंदर के तीन कमरों के भी तालों को तोड़ डाला। चोरों ने पूरे घर के सामान को उलट पुलट कर रख दिया था।
चोरी की खबर मिलने के कुछ ही देर बाद नीरज घर पहुंच गए थे। आशंका जताई जा रही है कि चोरी में चार या इससे अधिक लोग शामिल थे। चोरों के जूते और उंगलियों के निशान तालों, दरवाजों और दीवार पर मिले हैं। पुलिस को शक है कि चोर आसपास का ही कोई व्यक्ति हो सकता है। चोरों को इस बात की पक्की जानकारी थी कि रात में कोई नहीं लौटने वाला।