इसकी शुरुआत लखनऊ मंडल के प्रयाग और प्रयागराज संगम रेलवे स्टेशन से की जाएगी। प्रयाग स्टेशन पर कुंभ से जुड़ी तस्वीरें लगाने की तैयारी शुरू भी हो गई है। संगम के विहंगम दृश्य, अखाड़ों के शाही स्नान, ड्रोन से ली गईं तस्वीरें यात्रियों को यहां के माहौल से परिचित कराएंगी। स्टेशन की बाहरी इमारत में छायाचित्रों की एक पूरी शृंखला लगाई जाएगी। तस्वीरें रात में भी साफ नजर आएं इसके लिए फसाड लाइटें भी लगाई जाएंगी।
प्रयागराज संगम स्टेशन पर भी इसी तरह की तस्वीरें लगाने की योजना है। इसके अलावा उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज छिवकी, सूबेदारगंज रेलवे स्टेशन को भी सजाने-संवारने की तैयारी रेल प्रशासन ने शुरू कर दी है। प्रयागराज जंक्शन पर अभी पुनर्विकास का काम शुरू हुआ है। यहां अक्तूबर 2024 के बाद कुंभ से जुड़े आकर्षक छायाचित्र लगाए जाएंगे।
प्रयागराज का कुंभ मेला विश्व का सबसे बड़ा धार्मिक आयोजन है। पिछले कुंभ में भी कुछ तस्वीरें लगाई गई थीं। इस बार इसका दायरा बढ़ाया जाएगा। यात्रियों को रेलवे स्टेशन बदले-बदले नजर आएंगे। - अश्विनी श्रीवास्तव, एडीआरएम लखनऊ मंडल
महाकुंभ के पूर्व शहर के सभी स्टेशनों पर कुंभ मेले की छाप देखने को मिलेगी। यात्रियों को यहां उतरने के बाद ही एहसास हो जाएगा कि वह धार्मिक नगरी प्रयागराज पहुंच गए हैं। - हिमांशु शेखर उपाध्याय, सीपीआरओ, एनसीआर