राजकीय इंटर कॉलेजों (जीआईसी) को सामाजिक विज्ञान विषय में एलटी ग्रेड की 927 महिला शिक्षक मिल गईं हैं। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने मंगलवार को एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती के तहत सामाजिक विज्ञान महिला वर्ग का अंतिम चयन परिणाम जारी किया और दो साल बाद यह भर्ती प्रक्रिया पूरी हुई। परीक्षा परिणाम आयोग के सूचना बोर्ड और वेबसाइट पर उपलब्ध है। एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती के तहत 15 विषयों में शिक्षकों के 10768 पदों पर भर्ती के लिए लिखित परीक्षा 29 जुलाई 2018 को आयोजित की गई थी। हिंदी और सामाजिक विज्ञान विषय में पेपर लीक के आरोप लगने के बाद आयोग ने इन दोनों विषयों को छोड़कर बाकी सभी विषयों का परिणाम काफी पहले जारी कर दिया था।
पेपर लीक मामले की जांच कर रही एसटीएफ की ओर से इस साल सितंबर में अंतिम चार्जशीट दाखिल होने के बाद आयोग ने हिंदी के 1433 और सामाजिक विज्ञान के 1854 पदों का रिजल्ट जारी करने का निर्णय लिया था। इनमें हिंदी में पुरुष एवं महिला वर्ग और सामाजिक विज्ञान में पुरुष वर्ग का रिजल्ट कुछ दिनों पहले ही जारी किया गया है। मंगलवार को सामाजिक विज्ञान महिला वर्ग का रिजल्ट भी जारी कर दिया गया। इसके साथ ही तमाम विवादों के बीच आखिरकार भर्ती प्रक्रिया पूरी हो गई।
सामाजिक विज्ञान महिला वर्ग में 928 पदों (464 पद अनारक्षित, 250 अन्य पिछड़ा वर्ग, 195 अनुसूचित जाति और 19 पद अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित) पर भर्ती के लिए परीक्षा हुई थी। इनमें अनारक्षित वर्ग के एक पद का रिजल्ट उच्च न्यायालय में दाखिल याचिका में होने वाले अंतिम निर्णय के अधीन रखते हुए रोका गया है।
आयोग के सचिव जगदीश के अनुसार परीक्षा परिणाम से संबंधित प्राप्तांक और श्रेणीवार/पदवार कटऑफ अंक आयोग की वेबसाइट पर शीघ्र प्रदर्शित किए जाएंगे। इस आशय की सूचना अलग से जारी की जाएगी। इस बारे में सूचना का अधिकार अधिनियम 2005 के तहत प्राप्त प्रार्थनापत्र स्वीकार नहीं किए जाएंगे और न ही उन पर विचार किया जाएगा।
रेखा रहीं अव्वल, रेनू को दूसरा स्थान
एलटी ग्रेड सामाजिक विज्ञान महिला वर्ग के परिणाम में रेखा कुमारी मेरिट में शीर्ष स्थान पर रहीं। वहीं, रेनू देवी एवं मंजू उपाध्याय को क्रमश: दूसरा एवं तीसरा स्थान मिला। इसके अलावा शशिकला पटेल मेरिट में चौथे, बबली सिंह पांचवें, मीनाक्षी देवी छठवें, मालती देवी सातवें, निवेदिता सिंह आठवें, रीना सैनी नौंवें और अंकिता दसवें स्थान पर रहीं।
अब अभिलेख सत्यापन की बारी
एलटी ग्रेड सामाजिक विज्ञान का रिजल्ट आने के बाद अभ्यर्थियों को अब अभिलेख सत्यापन की प्रक्रिया शुरू होने का इंतजार है। आयोग ने 16 अक्तूबर को सामाजिक विज्ञान पुरुष वर्ग के 926 पदों का रिजल्ट जारी किया था, जिनमें 924 पदों पर चयन किया गया था। अब महिला वर्ग का रिजल्ट भी आ गया है।
अभिलेख सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही आयोग अभ्यर्थियों की नियुक्ति की संस्तुति माध्यमिक शिक्षा निदेशालय को भेजेगा। आयोग के सचिव जगदीश के अनुसार परीक्षा का संपूर्ण परिणाम पूर्णतया औपबंधिक है। इसके लिए अभ्यर्थियों को आयोग में आकर अपने मूल अभिलेखों का सत्यापन कराना होगा। इसके लिए आयोग अलग से समय निर्धारित करेगा और अभ्यर्थियों को इस दौरान अपने अभिलेखों का सत्यापन कराना होगा। सत्यापन न कराने पर अभ्यर्थन/चयन निरस्त कर दिया जाएगा।