सिविल लाइंस में कैश वैन से 1.52 करोड़ की चोरी के मामले में गिरफ्तार कर जेल भेजे गए नौ आरोपियों में से सात पर गैंगस्टर की कार्रवाई की गई है। मामले के दो आरोपी नाबालिग हैं। पुलिस का कहना है कि सरगना समेत अन्य की तलाश की जा रही है।
सिविल लाइंस में पिछले साल अक्तूबर में हुई इस वारदात से जिले भर में सनसनी फैल गई थी। तीन अक्तूबर की शाम सिविल लाइंस में होटल पोलो मैक्स के सामने खड़ी कैश वैन से 1.52 करोड़ रुपये से भरा बक्सा चोरी कर लिया गया था। महीनों की मशक्कत के बाद पुलिस ने खुलासा किया था कि इस वारदात को तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली में रहने वाले चोर गिरोह के सदस्यों ने अंजाम दिया था। पुलिस ने मामले में कुल 9 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था, जिनमें से दो नाबालिग थे।
आरोपियों में एक महिला भी शामिल थी। हालांकि तमाम कोशिश कोशिशों के बाद भी गिरोह के सरगना विनोद समेत छह आरोपियों का पुलिस सुराग नहीं हासिल कर पाई। गिरफ्तार कर जेल भेजे गए नौ आरोपियों में से दो नाबालिगों को छोड़कर अन्य सात पर सिविल लाइंस पुलिस ने गैंगस्टर की कार्रवाई की है। इनमें मुकेश, मीना, सुब्रमण्यम, प्रेम गोकुल, को मरण वसा हूल, हमीद सभी निवासी तिरुचिरापल्ली तमिलनाडु शामिल हैं।