प्रयागराज। गंगा यात्रा के मार्ग में परिवर्तन कर दिया गया है। अब यह यात्रा प्रयागराज में हंडिया के लाक्षागृह के बजाय यमुनापार के सिरसा से प्रवेश करेगी। इसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भी शामिल होने की उम्मीद है। ऐसे में शुक्रवार को अचानक मार्ग में परिवर्तन की जानकारी के बाद प्रशासन ने गंगा यात्रा के स्वागत के लिए सिरसा में तैयारी शुरू कर दी है।
गंगा यात्रा 27 जनवरी को बलिया से शुरू होगी और 31 को कानपुर पहुंचेगी। इसके बीच में 29 जनवरी को यात्रा के यहां लाक्षागृह में प्रवेश करने की घोषणा की गई थी। वहां से यात्रा को संगम आना था लेकिन अब इसमें परिवर्तन कर दिया गया है। संशोधित कार्यक्रम के अनुसार यात्रा सड़क मार्ग से मिर्जापुर के रास्ते 29 जनवरी को ही सिरसा पहुंचेगी। वहां सिरसा ग्राम पंचायत भवन में सभा प्रस्तावित है। इसके बाद उसी दिन संगम आएगी। यहां भी संगम आरती के साथ सांस्कृतिक आयोजन प्रस्तावित है। अगले दिन वसंत पंचमी स्नान पर्व पर भोर में संगम स्नान के बाद यात्रा कौशाम्बी के लिए रवाना होगी।
श्रृंग्वेरपुर की प्रधान को मुख्यमंत्री करेंगे सम्मानित
प्रयागराज। स्वच्छता में विशेष योगदान के लिए श्रृंग्वेरपुर की प्रधान सुलोचना देवी को सम्मानित किया जाएगा। लखनऊ में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों उन्हें पुरस्कृत किया जाएगा। स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के निदेशक किंजन सिंह की ओर से इस बाबत पत्र भेजा गया है।