फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

प्रयागराज : कलर्स ऑफ इंडिया-2026’ में गंगा गुरुकुलम का दबदबा, पतंजलि ऋषिकुल दूसरे स्थान पर

Sat, 31 Oct 2026 09:12 PM IST
विनोद सिंह अमर उजाला नेटवर्क, प्रयागराज

सार

राष्ट्रीय एकता दिवस पर प्रयागराज के गंगा गुरुकुलम में आयोजित ‘कलर्स ऑफ इंडिया-2026’ में 15 विद्यालयों के विद्यार्थियों ने कला, नृत्य, संस्कृति और तकनीक के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा दिखाई। विभिन्न प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए मेजबान गंगा गुरुकुलम ने समग्र विजेता का खिताब अपने नाम किया।

विज्ञापन
गंगा गुरुकुलम स्कूल में आयोजित किया गया कलर्स ऑफ इंडिया कार्यक्रम। - फोटो : अमर उजाला।
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर गंगा गुरुकुलम में शनिवार को अंतरविद्यालयीय प्रतियोगिता ‘कलर्स ऑफ इंडिया-2026’ का भव्य आयोजन किया गया। भारतीय संस्कृति, राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक विविधता को समर्पित इस आयोजन में शहर के 15 विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ भाग लिया। विभिन्न प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता, कलात्मक प्रतिभा और तकनीकी दक्षता का शानदार प्रदर्शन किया। समग्र प्रदर्शन के आधार पर मेजबान गंगा गुरुकुलम ने प्रथम स्थान हासिल कर अपना दबदबा कायम रखा।

विज्ञापन



 

कार्यक्रम में उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र (एनसीजेडसीसी) के उपनिदेशक मुकेश उपाध्याय मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। वहीं, आकाशवाणी की कार्यक्रम प्रमुख नेहा गुप्ता समापन समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुईं। इस अवसर पर विद्यालय की सचिव डॉ. कृष्णा गुप्ता, गवर्निंग बॉडी की सदस्य रेखा वैद्य, महर्षि पतंजलि विद्या मंदिर की प्रधानाचार्या अल्पना डे, पतंजलि ऋषिकुल के प्रधानाचार्य नित्यानंद और गुरुकुल मोंटेसरी स्कूल की प्रधानाचार्या अमिता मिश्रा की उपस्थिति रही।

विज्ञापन


समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और मां सरस्वती की वंदना के साथ हुआ। विद्यालय की प्रधानाचार्या माधुरी श्रीवास्तव ने अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत किया। इसके बाद विद्यार्थियों की आकर्षक नृत्य प्रस्तुति ने कार्यक्रम में भारतीय संस्कृति के रंग भर दिए।

Trending Videos

मंचीय और गैर-मंचीय प्रतियोगिताओं में दिखी प्रतिभा

प्रतियोगिता के तहत विद्यार्थियों के लिए मंचीय और गैर-मंचीय गतिविधियां आयोजित की गईं। ट्रेंडसेटर्स और मैजिकल फीट जैसी मंचीय प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने अपनी प्रस्तुति से दर्शकों को प्रभावित किया। वहीं, जॉन्टी फिंगर्स, फोकलोर फेसेज़ और डिजिटल मंथन जैसी गैर-मंचीय प्रतियोगिताओं में रचनात्मकता, कलात्मक कौशल और तकनीकी समझ की झलक देखने को मिली। देसी बीट्स की रंगारंग प्रस्तुतियों ने भारतीय लोक संस्कृति और परंपराओं को जीवंत कर दिया।





प्रतियोगिताओं के निष्पक्ष मूल्यांकन के लिए विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों को निर्णायक मंडल में शामिल किया गया था। निर्णायकों ने प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों का बारीकी से आकलन किया। मुख्य अतिथि मुकेश उपाध्याय ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनकी प्रतिभा की सराहना की। समापन समारोह में विशिष्ट अतिथि नेहा गुप्ता की मौजूदगी में विजेताओं के नाम घोषित किए गए और उन्हें पुरस्कृत किया गया।

विज्ञापन

इन विद्यालयों ने हासिल किए प्रमुख स्थान

ट्रेंडसेटर्स प्रतियोगिता में गंगा गुरुकुलम ने पहला, महर्षि पतंजलि विद्या मंदिर ने दूसरा और टैगोर पब्लिक स्कूल ने तीसरा स्थान हासिल किया। मैजिकल फीट में गंगा गुरुकुलम प्रथम रहा, जबकि महर्षि पतंजलि विद्या मंदिर और पतंजलि ऋषिकुल ने संयुक्त रूप से दूसरा स्थान प्राप्त किया।

जॉन्टी फिंगर्स प्रतियोगिता में आर्मी पब्लिक स्कूल प्रथम, गंगा गुरुकुलम द्वितीय और न्याय नगर पब्लिक स्कूल तृतीय स्थान पर रहा। फोकलोर फेसेज़ में पतंजलि ऋषिकुल ने पहला, गंगा गुरुकुलम ने दूसरा और बेथनी कॉन्वेंट स्कूल ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।

डिजिटल मंथन प्रतियोगिता में टैगोर पब्लिक स्कूल प्रथम, न्याय नगर पब्लिक स्कूल द्वितीय और गंगा गुरुकुलम तृतीय स्थान पर रहा। वहीं, देसी बीट्स में पतंजलि ऋषिकुल ने पहला, आर्मी पब्लिक स्कूल ने दूसरा और गंगा गुरुकुलम ने तीसरा स्थान हासिल किया।

समग्र प्रदर्शन में गंगा गुरुकुलम बना विजेता

सभी प्रतियोगिताओं में विद्यालयों के प्रदर्शन के आधार पर गंगा गुरुकुलम को प्रथम, पतंजलि ऋषिकुल को द्वितीय और आर्मी पब्लिक स्कूल को तृतीय स्थान मिला। आयोजन ने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ ही अलग-अलग विद्यालयों के छात्र-छात्राओं से संवाद करने और उनके अनुभव साझा करने का अवसर दिया।

‘कलर्स ऑफ इंडिया-2026’ के माध्यम से भारतीय संस्कृति की विविधता, परंपराओं के प्रति सम्मान और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में रचनात्मकता, सहयोग और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को भी प्रोत्साहित किया।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें