भिटौरा क्रॉसिंग पर जाम लगने के कारण गेटमैन ने धीरे-धीरे बढ़वाया आगे
फतेहगंज पश्चिमी। भिटौरा रेलवे क्रॉसिंग पर गन्ने की ओवरलोड ट्रॉलियों व अन्य वाहनों के कारण रविवार को लगे जाम के दौरान फाटक बंद किए बिना ही एक मालगाड़ी को गुजारा गया।
भिटौरा रेलवे फाटक पर जाम लगना आम बात हो गयी है। रोज वाहनों को कई कई घंटे जाम में फंसकर खड़े रहना पड़ता है। इससे वाहनों में बैठे लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ती है। गन्ना क्रय केंद्रों से गन्ना भरकर जाने वाली ट्रॉलियां के धीरे धीरे आगे बढ़ पाने और काफी देर तक फाटक बंद रहने से यह जाम लगता है। दो महीने से रोज जाम की यही स्थिति बन रही है। रविवार को भी इसी कारण जाम लगा हुआ था। दोपहर करीब साढ़े 12 बजे भी जाम की यही स्थिति बनी हुई थी। उसी बीच रामपुर की ओर से मालगाड़ी आने की सूचना गेटमैन को मिली तो उसने फाटक बंद करना चाहा। मगर जाम इतना भीषण था कि उसे खुलवाया ही नहीं जा सका। ऐसे में कंट्रोल रूम को सूचना दी गई। फिर लोगों की मदद से गेटमैन ने वाहनों को किसी तरह कुछ वाहनों को थोड़ा पीछा करवाकर डाउन रेलवे लाइन की जगह खाली कराई। मालगाड़ी आने पर उसे बिना रोके धीरे-धीरे उसे गुजारा गया। गेटमैन की इस तरह की लापरवाही से कोई भी हादसा भी हो सकता था।