फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सीएम की डेटलाइन पर भी नहीं बन सकेंगे चार आरओबी

Fri, 30 Nov 2018 01:50 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो, प्रयागराज
विज्ञापन
विज्ञापन
कुंभ के तहत निर्माणाधीन दस में से पांच सेतु परियोजनाएं तय समय पर पूरा नहीं हो सकेंगी। मुख्यमंत्री ने इसके लिए 30 नवंबर तक का समय दिया था। सीएम खुद इन कामों की प्रगति देखने दो दिसंबर को आने वाले हैं। अंदरखाने कुंभ की तैयारियां देखने सात दिसंबर को पीएम नरेंद्र मोदी के आगमन की चर्चा के बीच काम पूरा कराने की हड़बड़ी तो मची है, लेकिन इससे पहले तक इन सेतु परियोजनाओं का निर्माण कराने के सवाल पर अभियंताओं ने हाथ खड़े कर दिए हैं। कहीं रेलवे की ओर से स्लैब की ढलाई बाकी है तो कहीं सेतु निगम का काम पिछड़ा है। सेतु निगम के अफसरों और रेलवे के अधिकारियों का कहना है कि इन सेतु परियोजनाओं का निर्माण अब 15 दिसंबर से पहले पूरा नहीं हो सकेगा।
विज्ञापन


प्रयागराज कुंभ से पहले उत्तर प्रदेश सेतु निर्माण निगम को कुल सेतु परियोजनाओं को पूरा कराने की जिम्मेदारी दी गई थी। इसमें वायु सेना की ओर से एनओसी न मिलने की वजह से बेगम बाजार आरओबी का काम पहले ही ठप हो चुका है। पानी टंकी आरओबी, हाईकोर्ट फ्लाईओवर के अलावा करछना और मनौरी आरओबी पर यातायात चालू करा दिया गया लेकिन पांच परियोजनाएं तमाम कोशिशों के बाद भी अधूरी रह गई हैं।

इसमें शहर के बीच रामबाग आरओबी पर सेतु निगम की ओर से तो काम पूरा कर लिया गया है, लेकिन रेलवे की ओर से अभी स्लैब की ढलाई पूरी नहीं हो सकी है। सीएम योगी आदित्यनाथ दो दिसंबर को कुंभ की तैयारियों की समीक्षा करने आ रहे हैं। काम पूरा कराने की हड़बड़ी के बीच अब अफसर एक बार फिर इन अधूरे कामों को पूरा कराने के लिए समय बढ़ाने का अनुरोध करने लगे हैं। रामबाग आरओबी को 30 दिसंबर तक हर हाल में पूरा करने की हिदायत दी गई थी,लेकिन बृहस्पतिवार को रेलवे के अधिकारियों ने बताया कि इसे 15 दिसंबर तक पूरा किया जाएगा। इसी तरह एमएनआईटी आरओबी पर भी रेलवे की स्लैब ढलाई का काम पूरा नहीं हो सका है।
विज्ञापन


इसके लिए भी रेलवे ने 15 दिसंबर तक का समय मांगा है। फूलपुर आरओबी पर भी रेलवे का स्लैब पूरा न होने की वजह से इसको 15 दिसंबर तक चालू करने की कोशिश हो रही है। जबकि नैनी आरओबी पर रेलवे का काम पूरा हो चुका है, वहां सेतु निगम की ओर से सर्विस रोड के सात अन्य काम बाकी है। सेतु निर्माण निगम के मुख्य परियोजना प्रबंधक सतीश कुमार ने बताया कि रामबाग, एमएनआईटी का उनके हिस्से का काम पूरा हो चुका है। फूलपुर आरओबी का भी काम 30 नवंबर तक पूरा करा दिया जाएगा, लेकिन रेलवे की लेटलतीफी की वजह से यह सेतु परियोजनाएं निर्धारित अवधि तक पूरी नहीं हो पा रही हैं। ससुर खदेरी नदी पर पुल 10 दिसंबर को चालू कराया जाएगा। नैनी आरओबी का काम भी 15 दिसंबर तक पूरा करा लिया जाएगा।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें