थाना क्षेत्र के पचदेवरा ओवर ब्रिज पर हुई बाइक और नकदी लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में मुकेश कुमार पटेल निवासी पतिअरिया अकोढ़ा थाना कौंधियारा, अनुज कुमार यादव निवासी लखरावा थाना करछना, बुद्धिनारायण उर्फ धीरेन्द्र कुमार निवासी लहबरा थाना कौंधियारा तथा सत्यम कुमार यादव निवासी टिकरी थाना कौंधियारा शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार आधार का पुरा निवासी सत्यम पटेल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वह अपने मित्र के मुंडन कार्यक्रम से लौट रहा था। तड़के पचदेवरा पुल के पास बदमाशों ने तमंचा सटाकर उसकी मोटरसाइकिल और दो हजार रुपये लूट लिए थे। जांच के दौरान पुलिस ने मंसूरिया माई मंदिर के पास से चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से लूटी गई बाइक, दो हजार रुपये नकद, एक मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल, एक अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किया गया।