इलाहाबाद। ‘अमर उजाला रूपांतरण’ क्लब की सदस्यों को क्रिसमस पर सेहत का अनोखा उपहार मिला। सिविल लाइंस स्थित होटल कान्हा श्याम में बृहस्पतिवार को आयोजित अमर उजाला हेल्थ एक्टिविटी वर्कशॉप में महिलाओं को योग, सेहत और आहार से जुड़े कई महत्वपूर्ण पहलुओं के बारे में जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने सलाह दी कि खुद स्वस्थ रहेंगी, तभी आपका परिवार फिट रहेगा। सेहत से जुड़े तमाम महत्वपूर्ण टिप्स और स्वास्थ्य परीक्षण के लिए महिलाओं ने ‘अमर उजाला’ के इस प्रयास को जमकर सराहा।
इससे पूर्व वात्सल्य हॉस्पिटल की ओर से डॉ. कृतिका अग्रवाल, सावित्री डेंटल हॉस्पिटल की डॉ. रीमा शुक्ला, डॉ. अभिलाषा सिंह और योग प्रशिक्षिका अनुपमा नारायणी ने दीप जलाकर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। ‘अमर उजाला’ के संपादक डॉ. सचिन शर्मा, यूनिट हेड राहुल कांकरिया और मार्केटिंग हेड मनीष राय ने अतिथियों का स्वागत किया। डॉ. कृतिका अग्रवाल ने कहा कि महिलाएं परिवार का ध्यान रखते हुए खुद को भूल जाती हैं, जो गलत है। गर्भवती महिलाएं अपनी सेहत का ध्यान कैसे रखें, इस बारे में टिप्स दिए। डॉ. रीमा शुक्ला ने महिलाओं को दांत स्वस्थ रखने के प्रति जागरूक किया।
डायटीशियन डॉ. अभिलाषा सिंह ने बताया कि कहा कि सुबह देर से किया नाश्ता डायबिटीज और थायरायड का कारण बन सकता है। योग प्रशिक्षिका अनुपमा नारायणी ने कहा कि स्वस्थ रहने के लिए थोड़ी देर योग जरूर करें। कार्यक्रम के दौरान वात्सल्य हास्पिटल के डॉ. रितेश खन्ना की देखरेख में नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर लगा। जिसमें महिलाओं ने वजन, ब्लड प्रेशर और डायबिटीज की जांच कराई। वर्कशॉप के बाद गीत-संगीत और डांस का सिलसिला शुरू हुआ। गरिमा बेस्ट डांसर बनी तो सबसे लंबे बाल के लिए आकांक्षा को पुरस्कृत किया गया। उन्हें हेवेल्स गैलरी के विशाल ने पुरस्कार प्रदान किए। इस बीच सेंटा क्लाज केे रूप में क्लब की सदस्य रश्मि शुक्ला ने टॉफियां बांटीं। इस दौरान रश्मि शुक्ला, सीमा चतुर्वेदी, फेहमीद फात्मा, प्रीती कपूर, पूर्णिमा मालवीय ने गीत और कविताओं प्रस्तुत की। कार्यक्रम के संयोजकों में वात्सल्य हॉस्पिटल, सावित्री डेंटल हॉस्पिटल, हेवेल्स गैलरी, उमंग साड़ीज शामिल रहे।
रूपांतरण के कार्यक्रम में क्लब की मेंबर गोविंदपुर की प्रीती कपूर ने महिलाओं को हंसी के फायदे बताए। कहा की दिन में कम से कम 20 मिनट खिलखिलाकर हंसना चाहिए। एक हंसी से चेहरे की 25 मांसपेशियां हरकत में आती हैं। इससे ब्लड सरकुलेशन बढ़ता है। दस सेकेंड की हंसी आपको तनावमुक्त करने के लिए काफी है। 30 सेकेंड की हंसी दिल और दिमाग को तनावमुक्त कर देती है। इसलिए खुद भी खुश रहिए और दूसरों को भी खुशियां बांटते रहिए।