फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गांव से फोर्स हटी, पर दहशत नहीं

Sat, 12 Sep 2015 01:49 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो, इलाहाबाद
विज्ञापन
विज्ञापन
इलाहाबाद (ब्यूरो)। करछना के कचरी और आसपास के गांवों से फोर्स तो हटा ली गई लेकिन दहशत बरकरार है। घरों में हुई तोड़फोड़ के निशां अब भी बाकी हैं। गांव छोड़कर जा चुके ग्रामीण वापस आने को तैयार नहीं हैं। दहशत से बच्चे स्कूल नहीं जा रहे हैं। कचरी और आसपास के गांवों से 41 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। कचरी आंदोलन के मुखिया राज बहादुर पटेल पर पुलिस की ओर से घोषित पांच हजार रुपये इनामी राशि बढ़ाए जाने की तैयारी भी हो रही है। शुक्रवार को एसडीएम-सीओ की चार संयुक्त टीमों ने कचरी और आसपास के गांवों का भ्रमण किया। ग्रामीणों से मिले और उन्हें आश्वस्त किया कि रोज की तरह खेतों में जाकर काम करें, बच्चों को स्कूल भेजें, सिर्फ इतना ध्यान रखें कि किसी तरह का हिंसात्मक आंदोलन नहीं होना चाहिए। हालांकि दिल्ली-हावड़ा रेलवे ट्रैक पर अब भी आरएएफ तैनात है।
विज्ञापन


गांव की सूर्यकली के घर से पुलिस ने शिव नरेश, राम नरेश, ज्ञान चंद्र और रामकली को गिरफ्तार किया है। घर में अकेले सूर्यकली ही बची है। उसके घर में भी तोड़फोड़ के निशां हैं। सूर्यकली का आरोप है कि यह पुलिस ने किया। रामपति ने भी पुलिस पर घर में तोड़फोड़ किए जाने का आरोप लगाया है। कचरी, मेड़वा, कटका, ढोलीपुर, देहली, भगेसर, भिटार में दहशत की वजह से बच्चे प्राथमिक विद्यालय नहीं जा रहे।

निजी स्कूल भी बंद हैं। डीएम कौशल राज शर्मा का दावा है कि गांव में कोई भी कार्रवाई बलपूर्वक नहीं की गई। तोड़फोड़ गांव वालों ने ही की। बम भी उन्हीं की ओर से चलाया गया। जहां तक दहशत की बात है तो गांव वालों को समझाया जा रह है कि वे रोज की तरह खेतों में काम करें, जानवरों को चारा खिलाने के लिए घर से निकलें, बच्चों को स्कूल भेजें। निर्दोषों पर कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। राज बहादुर पटेल पर भी इनाम की रकम बढ़ाई जा सकती है। डीएम ने बताया कि वह शनिवार को खुद कचरी गांव जाएंगे और ग्रामीणों के साथ बैठक करेंगे।
विज्ञापन


डीएम कौशल राज शर्मा ने बताया कि वह और एसएसपी केएस इमैनुएल शनिवार को कलक्ट्रेट के संगम सभागार में सुबह दस से दोपहर 12 बजे तक जन सुनवाई करेंगे। अगर किसी संगठन या व्यक्ति को कचरी आंदोलन से जुड़े किसी मुद्दे पर कुछ कहना है या बात करनी है तो वह इस दौरान उनसे और एसएसपी से मिलकर अपनी बात रख सकता है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें