अगले वर्ष की शुरुआत में लगने जा रहे माघ मेले में यूपी रोडवेज द्वारा पहली बार चार अस्थायी बस स्टेशन बनाए जाएंगे। रोडवेज के प्रयागराज परिक्षेत्र ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है।
अगले वर्ष की शुरुआत में लगने जा रहे माघ मेले में यूपी रोडवेज द्वारा पहली बार चार अस्थायी बस स्टेशन बनाए जाएंगे। रोडवेज के प्रयागराज परिक्षेत्र ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। इन चारों ही बस स्टेशन पर महाकुंभ की तर्ज पर तमाम यात्री सुविधा उपलब्ध करवाई जाएंगी।
विज्ञापन
माघ मेले की शुरुआत अगले वर्ष तीन जनवरी को पौष पूर्णिमा से होने जा रही है। इस बार उम्मीद से ज्यादा भीड़ आने का अनुमान है। इसी वजह से 2800 की जगह 3800 बसें मेले के दौरान संचालित की जाएंगी। शहर में बसों की आवाजाही से आम लोगों को दिक्कत न हो इसके लिए चार अलग-अलग स्थानों पर रूट वार अस्थायी बस स्टेशन तैयार किए जाएंगे।
कानपुर, दिल्ली, कौशाम्बी रूट की बसों का संचालन महाकुंभ की तरह नेहरू पार्क के पास बनाए जाने वाले अस्थायी बस स्टेशन से होगा। इसी तरह लखनऊ और अयोध्या रूट की बसें यात्रियों को बेला कछार फाफामऊ से मिलेंगी। रीवा, चित्रकूट, मिर्जापुर रूट की बसें नैनी लेप्रोसी और वाराणसी व गोरखपुर रूट की बसें झूंसी में बनाए जाने वाले अस्थायी बस स्टेशन से उपलब्ध होंगी।
विज्ञापन
क्षेत्रीय प्रबंधक रविंद्र कुमार सिंह ने बताया कि चारों अस्थायी बस स्टेशनों पर यात्री शेड, शौचालय, पेयजल, लाइट आदि की व्यवस्था रहेगी। चारों स्थानों पर समतलीकरण का कार्य शुरू किया जा रहा है। अस्थायी बस स्टेशनों से यात्रियों को मेला क्षेत्र के निकटतम स्थल तक ले जाने व लाने के लिए शटल बसें भी संचालित की जाएंगी।