शनिवार की रात पड़े कोहरे का असर दिल्ली रूट से प्रयागराज आने वाली ट्रेनों पर भी पड़ा। कोहरे की वजह से प्रयागराज एक्सप्रेस जहां साढ़े तीन घंटे की देरी से जंक्शन पहुंची तो वहीं सेमी हाई स्पीड ट्रेन वंदे भारत एक्सप्रेस तकरीबन तीन घंटे की देरी से दिन में 2.50 बजे जंक्शन पहुंची। जंक्शन आने वाली कई अन्य ट्रेनों की भी लेटलतीफी घंटों में रही। राहत भरी बात यह रही कि रविवार को प्रयागराज एयरपोर्ट आने एवं यहां से जाने वाला कोई भी विमान लेट नहीं हुआ।
प्रयागराज जंक्शन पर नई दिल्ली से आने वाली प्रयागराज एक्सप्रेस सुबह 10.35 बजे आई। इसी तरह रीवा एक्सप्रेस 4.10 घंटे की देरी से सुबह 10.20 बजे तो पुरुषोत्तम एक्सप्रेस 4.40 घंटे की देरी से 11.40 बजे जंक्शन पहुंच सकी। इसके अलावा जयपुर-प्रयागराज एक्सप्रेस तीन घंटे, नई दिल्ली-मंडुवाडीह साढ़े चार घंटे, शिवगंगा एक्सप्रेस छह घंटे, नई दिल्ली-प्रयागराज हमसफर एक्सप्रेस, ब्रह्मपुत्र मेल, देहरादून-प्रयागराज सुपरफास्ट पांच-पांच घंटे की देरी से जंक्शन पहुंची। उधर, प्रयागराज संगम आने वाली ऊंचाहार एक्सप्रेस चार घंटे की देरी से दिन में तीन बजे के बाद ही यहां पहुंच सकी। ट्रेनों के विलंब से आने की वजह से यात्रियों को भी परेशानी हुई।
30 जनवरी तक चलेगी दुर्ग-अयोध्या-नौतनवा एक्सप्रेस
रेलवे ने अयोध्या होकर दुर्ग से नौतनवा जाने वाली ट्रेन का संचालन शुरू कर दिया है। सप्ताह में एक दिन यह ट्रेन प्रयागराज जंक्शन, अयोध्या के रास्ते संचालित होगी। गाड़ी संख्या 08205 दुर्ग-नौतनवा एक्सप्रेस प्रत्येक बृहस्पतिवार रात 8.10 बजे दुर्ग से चलेगी जो सुबह 10.40-11.00 बजे प्रयागराज जंक्शन एवं रात दस बजे नौतनवां पहुंच जाएगी। वापसी में नौतनवा से गाड़ी संख्या 08206 प्रत्येक शनिवार सुबह 8.50 बजे चलेगी जो शाम 7.55-8.25 बजे प्रयागराज जंक्शन एवं अगले दिन दोपहर एक बजे दुर्ग पहुंच जाएगी।