Fog increased speed of many trains including Prayagraj, Vande Bharat
प्रयागराज। कोहरे ने रविवार को एक बार फिर से ट्रेनों की रफ्तार थाम ली। दिल्ली और पश्चिमी यूपी के तमाम इलाकों में पड़े कोहरे की वजह से प्रयागराज एक्सप्रेस, पुरुषोत्तम एक्सप्रेस, रीवा समेत तमाम ट्रेनें घंटों विलंब से यहां पहुंची। वीआईपी ट्रेन वंदे भारत एक्सप्रेस भी घंटे भर तक लेट रही।
कोहरे की वजह से सुबह 7.15 बजे आने वाली प्रयागराज एक्सप्रेस जहां तीन घंटे की देरी से 10.15 बजे पहुंची तो जयपुर-इलाहाबाद एक्सप्रेस पांच घंटे की देरी से जंक्शन पहुंच सकी। इसके यहां आने का समय सुबह 5.25 बजे है। वंदे भारत एक्सप्रेस भी तकरीबन घंटे भर की देरी से यहां पहुंची। हालांकि वाराणसी से आने के दौरान ट्रेन की लेट लतीफी 30 मिनट ही रही। इसके अलावा पुरुषोत्तम एक्सप्रेस 3.15 घंटे, स्वतंत्रता सेनानी चार घंटे, नई दिल्ली-मंडुवाडीह 3.45 घंटे, संगम एक्सप्रेस 5.30 घंटे, हमसफर एक्सप्रेस 3.20 घंटे तक लेट रही। ट्रेनों के लेट आने से यात्रियों को भी दिक्कत हुई।