इलाके के फूल बाजार में इस दिवाली फूलों की खुशबू तो थी, लेकिन कीमतों की चुभन भी साथ थी। कार्तिक अमावस्या पर लक्ष्मी पूजन के लिए माला खरीदने आए लोगों को इस बार जेब ज्यादा ढीली करनी पड़ी। वजह एक ही है, मौसम की मार।
अत्यधिक बारिश से फूलों की खेती खराब हो गई, जिससे बाजार में फूलों की आमद कमजोर हो गई और कीमतें आसमान पर पहुंच गईं।
दुकानदार अनिल पुष्पाकर और अरविंद कुमार पुष्पाकर ने बताया कि इस बार बारिश ने फूल किसानों को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचाया है।
खेतों में पानी भर जाने से गेंदा, गुलाब और मोगरा की फसल सड़ गई। जो फूल बचे, वो भी समय पर बाजार नहीं पहुंच पाए। इसी वजह से पिछले साल की अपेक्षा इस बार कीमतें ढाई से तीन गुना बढ़ गई हैं।
बाजार में इस समय सबसे ज्यादा मांग गेंदा की माला की है। पिछले साल 20 रुपये में मिलने वाली गेंदा की बड़ी माला इस बार 80 रुपये में बिक रही है। कमल का फूल 50 रुपये से बढ़कर 100 रुपये पर पहुंच गया है।
गुलाब की माला 60 रुपये से बढ़कर 120 रुपये की हो गई है। मोगरा 100 रुपये से बढ़कर 180 रुपये और गुलसुपाड़ी 120 रुपये से बढ़कर 200 से 250 रुपये तक बिक रही है।
नवाबगंज में बिकने वाला गुलाब नैनी प्रयागराज से आ रहा है। गेंदा बनारस और कोलकाता से मंगाया जा रहा है। गुलसुपाड़ी विंध्याचल से, मोगरा और कमल कोलकाता से आ रहे हैं। ट्रांसपोर्ट का खर्च बढ़ने से भी कीमतों पर असर पड़ा है।
कीमतें बढ़ने के बावजूद त्योहार की खुशी फीकी नहीं पड़ी। सुबह से ही नवाबगंज बाजार में महिलाओं की भीड़ उमड़ी रही। महिलाओं ने लक्ष्मी पूजन के लिए गेंदा, गुलाब और कमल की मालाएं खूब खरीदीं। कई महिलाओं ने कहा, दिवाली साल में एक बार आती है, महंगाई तो हर बार रहती है, लेकिन लक्ष्मी जी को माला तो चढ़ानी ही है। नवाबगंज की रानी देवी ने बताया कि उन्होंने 80 रुपये की गेंदा की माला ली है।
पिछले साल यही माला 20 रुपये की थी, लेकिन क्या करें, त्योहार पर फूल के बिना पूजा अधूरी लगती है। दुकानदारों का कहना है कि दिवाली की शाम तक फूलों की मांग और बढ़ेगी। अगर फूलों की नई खेप आ गई, तो कीमतों में थोड़ी नरमी आ सकती है, लेकिन इस बार फूलों की दिवाली महंगी ही रहेगी। फिलहाल नवाबगंज में महंगाई के बावजूद फूलों की खरीदारी ने बाजार को गुलजार कर दिया है।