सीएचसी कोरांव डूबी
नगर पंचायत कोरांव के चारों तरफ पानी ही पानी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोराव के सभी कमरों में सुबह भोर में ही पानी भर जाने से अपरा तफरी मच गई। चिकित्सकों के आवास जलमग्न हो गए। यहां तक की डॉक्टरों के सभी चैंबरों में पांच फीट तक पानी भर गया। यही हाल नगर पंचायत के सभी वार्डों का था। नगर वासियों के घरों में पानी घुस गया यहां तक की व्यापारियों की दुकानों में भी पानी भर जाने से कुछ व्यापारियों के सामान भी डूब गए। नगर पंचायत के अध्यक्ष ओमप्रकाश केसरी ने बताया कि प्राकृतिक आपदा से निपटा तो नहीं जा सकता किंतु नगर में व्यवस्थाएं दुरुस्त की गई है राहत कार्य के लिए चारों तरफ जेसीबी लगवा कर पानी निकलवाने का काम किया जा रहा है।
चपरो की आदिवासी बस्ती हुुई जलमग्न
चपरो गांव के आदिवासी बस्ती पूरी तरह जलमग्न हो गई है।लोगों को बाढ़ प्रभावित स्थान से पंचायत भवन पर ले जाया गया है। जहां महिलाओं तथा पुरुषों को अलग-अलग कमरे में रखा गया है। ग्राम प्रधान सुरेश तिवारी की तरफ से सभी को भोजन पानी की व्यवस्था सुनिश्चित कराई जा रही है। मौके पर पहुंचे एसडीम कोरांव संदीप तिवारी का कहना है कि जिन गांवों में बाढ़ से लोग प्रभावित हुए हैं उनको दूसरे स्थान पर शिफ्ट किया जा रहा है। खान-पान की व्यवस्था कराई जा रही है। 30 से 35 गांव बाढ़ की चपेट में हैं। जहां निगरानी रखी जा रही है। 25 से 30 गांव मेजा तहसील के भी बाढ़ की चपेट में है। वहां भी नियंत्रण के लिए टीमें लगाई गई हैं।