प्रयागराज एयरपोर्ट से दिल्ली और पुणे जाने वाली फ्लाइट लगातार तीसरे दिन निरस्त रही। लाइट निराश होने की वजह से यात्रियों को काफी दिक्कत भी हुई। कुछ यात्री एयरपोर्ट पहुंचे भी और उन्होंने फ्लाइट निरस्त होने की वजह पूछी तो एयरपोर्ट पर तैनात इंडिगो के अफसरों की ओर से उन्हें कोई वाजिब जवाब भी नहीं दिया गया । सिर्फ इतना ही बताया गया कि तकनीकी कारणों से ही फ्लाइट निरस्त हो रही है ।
अनलॉक होने के बाद निजी विमानन कंपनी इंडिगो ने दिल्ली और पुणे की फ्लाइट शुरू की। दिल्ली से इंडिगो की एयर बस प्रयागराज आने के बाद पुणे रवाना होती है और पुणे से वापस प्रयागराज होते हुए दिल्ली के लिए रवाना हो रही है। बीते 3 दिन से यह फ्लाइट लगातार निरस्त हो रही है। एयरपोर्ट अफसरों ने इस बारे में इंडिगो अफसरों से बात की तो उन्हें बताया गया कि तकनीकी कारणों से ही फ्लाइट का निरस्तीकरण किया जा रहा है।
इस बीच सोमवार को पुणे जाने वाली फ्लाइट के कुछ यात्री एयरपोर्ट भी पहुंचे। उनका कहना था कि फ्लाइट निरस्त होने की जानकारी उन्हें इंडिगो की ओर से नहीं दी गई। हालांकि इंडिगो के अफसरों का कहना था कि फ्लाइट निरस्त होने की जानकारी यात्रियों को एसएमएस और ईमेल के माध्यम से भेज दी गई थी।