महाकुंभ मेला शुरू होने के पूर्व प्रयागराज एयरपोर्ट पर विमानों की संख्या भी अब बढ़ने लगी है। एलाइंस एयर की जयपुर, गुवाहाटी उड़ान शुरू होने के बाद अब विमानन कंपनी इंडिगो ने शनिवार से कोलकाता के लिए सीधी उड़ान की शुरूआत की। इसके अलावा इंडिगो की दिल्ली के लिए प्रयागराज से एक और उड़ान शुरू हुई है। वहीं बंगलूरू जाने वाला विमान भी शनिवार से नियमित कर दिया गया। अभी इसका संचालन सप्ताह में तीन दिन ही हो रहा था।
महाकुंभ मेले के दौरान प्रयागराज एयरपोर्ट से इस बार काफी संख्या में विमान संचालन होने जा रहा है। अकासा, इंडिगो, स्पाइस जेट एवं एलाइंस एयर द्वारा अब तक 55 विमानों का शेड्यूल जारी किया जा चुका है। आने वाले दिनों में यह संख्या अभी बढ़ सकती है। महाकुंभ अवधि में सर्वाधिक विमानों का आवागमन दिल्ली के लिए होगा। कुछ तिथियों में दिल्ली के लिए एक दिन में छह-छह उड़ान रवाना होगी। इसके अलावा पुणे, विशाखापट्टनम समेत दस शहरों के लिए कनेक्टिंग फ्लाइट की भी सुविधा रहेगी।
इस बीच कोलकाता से प्रयागराज के लिए इंडिगो का विमान शाम 4.10 बजे उड़ान भरकर शाम 5.40 बजे यहां पहुंचा। बाद में प्रयागराज से यह विमान शाम 6.00 बजे उड़ा। इसी तरह प्रयागराज-दिल्ली के बीच एक अतिरिक्त उड़ान भी इंडिगो द्वारा शुरू की गई है। इसी तरह दिल्ली से शाम 5.10 बजे प्रयागराज के लिए विमान उड़ा जो शाम 6.30 बजे यहां पहुंचा। यहां से दिल्ली के लिए इंडिगो का विमान शाम 7.30 बजे उड़ा। वहीं दूसरी ओर स्पाइस जेट द्वारा रविवार 12 जनवरी से पांच उड़ान शुरू की जा रही है। स्पाइस द्वारा प्रयागराज से जयपुर, अहमदाबाद, बंगलूरू, मुंबई और दिल्ली के लिए सीधी उड़ान सेवा हर रोज उपलब्ध होगी।