पीडीए बोर्ड की बैठक में लिए गए कई फैसले
- फोटो : अमर उजाला
पीडीए बोर्ड की शुक्रवार को हुई बैठक में कालिंदीपुरम की मौसम विहार आवासीय योजना के खाली 136 फ्लैटों की दरों को फ्रीज करने का निर्णय लिया गया। जरूरतमंदों को अब पुरानी दरों पर आशियाना मिल सकेगा। वहीं नैनी में हाईटेक टाउनशिप के संशोधित मानचित्र को भी मंजूरी दी गई। अब शासन की अनुमति के बाद पीडीए इस योजना पर काम जल्द शुरू करेगा। मंडलायुक्त आर रमेश कुमार की अध्यक्षता में हुई पीडीए बोर्ड की 128 वीं बैठक में पांच प्रमुख बिंदुओं पर चर्चा कर निर्णय लिए गए।
बोर्ड की बैठक में निर्णय लिया गया कि कुंभ के मौके पर शहर की जिन सड़कों, चौराहों (रोटरियों) और पार्कों का निर्माण-सुंदरीकरण पीडीए ने कराया है, उसको व्यवस्थित किया जाएगा। अवस्थपना निधि से सड़कों की मरम्मत के साथ चौराहों को संवारा जाएगा। इसके बाद सड़कों को चौड़ाई के हिसाब से पीडब्ल्यूडी और नगर निगम को हस्तांतरित किया जाएगा। इससे पहले नगर निगम स्ट्रीट लाइट के मद से चौराहों पर लगी लाइटों के बिजली बिल का भुगतान करेगा।
नैनी में प्रस्तावित हाईटेक टाउनशिप में कुल भूमि के पांच प्रतिशत व्यावसायिक उपयोग को ध्यान में रखते हुए संशोधित मानचित्र (तलपट) प्रस्तुत किया गया। एक बार फिर इसे आवास अनुभाग को शासन की अनुमति के लिए भेजा जाएगा। बैठक में कसारी मसारी योजना में ग्रुप हाउसिंग के भूखंड को व्यावसायिक परिवर्तन के मामले में आपत्तियां मांगने का निर्णय लिया गया।
साथ ही 21 जुलाई से लागू शमन नीति के बारे में जानकारी दी गई। कमिश्नर ने निर्देश दिए हैं कि शमन योजना का व्यापक स्तर पर प्रचार प्रसार कर लोगों को इसका लाभ दिया जाए। ताकि लोग अपने अनियमित तरीके से बनाए गए भवनों को वैध करा सकें। बैठक में कमिश्नर आर रमेश कुमार, उपाध्यक्ष पीडीए अंकित अग्रवाल, डीएम कौशाम्बी अमित कुमार सिंह, नगर आयुक्त रविरंजन, एडीएम नजूल गंगा राम गुप्ता, सचिव दयानंद, ओएसडी सत शुक्ला, सदस्य रणजीत सिंह, कमलेश कुमार के साथ अन्य सदस्य और अफसर मौजूद रहे।