महाकुंभ में मौनी अमावस्या स्नान को देखते हुए मंगलवार से पांच हजार अतिरिक्त बल तैनात किया जाएगा। यह पुलिस बल विभिन्न चौराहों के अलावा शहर की सीमाओं पर तैनात रहेगा। इसमें यातायात पुलिस से लेकर सिविल पुलिसकर्मी शामिल हैं। बता दें कि शहर की सीमाओं पर लगभग 10 हजार पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।
मौनी अमावस्या स्नान पर्व को लेकर बड़ी संख्या में देश-विदेश से श्रद्धालु दो दिन पहले से ही मेले में पहुंच रहे हैं। पिछले दो दिन के मुकाबले सोमवार को शाम से अचानक भीड़ बढ़ गई। भीड़ पर नियंत्रण पाने के लिए बैरिकेडिंग लगाई गई है। भीड़ इतनी ज्यादा बढ़ गई कि पुलिस असमर्थ दिखी।
ऐसे में अब पुलिस लाइन में तैनात रिजर्व पुलिस की भी ड्यूटी लगा दी गई है। यातायात प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि इनमें से एक हजार यातायात पुलिसकर्मियों की ड्यूटी मंगलवार से लगा दी जाएगी। ये पुलिसकर्मी शहर के अलावा सीमाओं पर भी श्रद्धालुओं पर नजर रखेंगे।
वहीं, सिविल पुलिस के लगभग चार हजार अतिरिक्त कर्मियों को लगाया जा रहा है। ये पुलिसकर्मी मेला पुलिस के लिए आउटर कॉर्डन का काम करेंगे। रेलवे स्टेशन, बस अड्डों, एयरपोर्ट और अन्य मार्गों से आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित मेला क्षेत्र तक पहुंचाने के लिए जगह-जगह इनकी तैनाती होगी। इसके साथ ही पैरामिलिट्री फोर्स, पीएसी, बम निरोधक दस्ता और अन्य विंग की अतिरिक्त फोर्स लगाई जा रही है।