Five people scorched due to domestic gas cylinder explosion
- फोटो : KAUSHAMBI
घरेलू गैस सिलिंडर फटने से पांच लोग झुलसे
दो की हालत गंभीर, सभी इलाज के लिए प्रयागराज के अस्पतालों में भर्ती
चरला मुंजफ्ता गांव में सिलिंडर में लीकेज से हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
चायल (कौशाम्बी)। पिपरी कोतवाली क्षेत्र के चिरला मुंजफ्ता गांव में मंगलवार सुबह खाना बनाते वक्त गैस सिलिंडर में आग लग गई। इससे वह फट गया। धमाके से मकान का आधे से अधिक हिस्सा ढह गया। मकान मालिक समेत पांच लोग झुलस गए। इनमें दो की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसा सिलिंडर से गैस लीक होने के कारण हुआ।
चिरला मंजुफ्ता गांव निवासी प्रसून सिंह (50) पुत्र रामचंद्र प्रयागराज में सेल्स विभाग में नौकरी करते हैं। बुधवार सुबह उनकी पत्नी सुनैना देवी (45) रसोई में खाना बना रही थीं। इसी बीच गैस सिलिंडर में लीकेज के कारण आग लग गई। यह देख सुनैना चीख पड़ीं। शोर सुन बेटा धर्मेंद्र व पड़ोसी सुग्गन आग बुझाने के लिए जलता हुआ सिलिंडर लेकर बाहर भागे। इसी दौरान सिलिंडर धमाके के साथ फट गया। इससे प्रसून के पक्के मकान का आधे से अधिक हिस्सा गिर गया। हादसे में प्रसून सिंह, उनकी पत्नी सुनैना देवी, बेटे धर्मेंद्र (22), जितेंद्र (20) तथा मदद करने आया पड़ोसी सुग्गन आदि झुलस गए। धमाके की आवाज सुन ग्रामीण सहम गए। खबर पाकर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस से घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। प्रसून सिंह व उनके परिवार के सभी सदस्यों को प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि सुग्गल का झलवा स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है। सुग्गल व धर्मेंद्र सिंह की हालत गंभीर बताई जा रही है।