उमेश पाल हत्याकांड के शूटर विजय चौधरी उर्फ उस्मान के एनकाउंटर के गवाह नीरज शुक्ल पर हमला करने के मामले में कौंधियारा पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार का शुक्रवार को जेल भेज दिया। जेल भेजे गए आरोपी विजय चौधरी के भाई राकेश, मोहम्मद नायाब, महताब आलम, मोहम्मद सैफ एवं विजयकांत द्विवेदी हैं। लूटी गई दो लाख नकदी एवं 40 मोबाइल की बरामदगी नहीं हो सकी है। आरोपियों से दो अपाचे बाइक, एक तमंचा व तीन कारतूस बरामद किए गए हैं।
अतीक गैंग के शूटर भभोखर निवासी विजय चौधरी उर्फ उस्मान का कौंधियारा पुलिस एवं एसटीएफ ने मार्च में एनकाउंटर किया था। विजय का बड़ा भाई राकेश चौधरी उस समय नैनी जेल में बंद था। एक माह पूर्व वह जेल से छूट कर आया है। गांव के नीरज शुक्ल एनकाउंटर में पुलिस के गवाह हैं।
आरोप है कि इस बात से नाराज राकेश चौधरी एवं गांव के ही मुन्नालाल, शिवप्रसाद, विपिन, राकेश भारतीय ने अपने अन्य साथियों के साथ तीन मोटरसाइकिल से कौंधियारा तालाब के पास नीरज शुक्ला को घेरकर फायरिंग कर बोलेरो रोकने का प्रयास किया। इस दौरान बोलेरो की टक्कर से राकेश चौधरी घायल भी गया। नीरज ने भागकर अपनी जान बचाई। नीरज के भागने के बाद बदमाश बोलेरो लेकर भाग गए।
बोलेरो में दो लाख रुपये नकद और 40 नए मोबाइल सेट थे। उधर, बोलेरो की टक्कर से घायल राकेश चौधरी काे स्वरूपरानी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। गौहनिया ओवरब्रिज के नीचे से बोलेरो, घटनास्थल से तमंचा व कारतूस बरामद कर चार बदमाशों को गिरफ्तार कर शनिवार को जेल भेज दिया।