कैंट में रहने वाले प्रतियोगी छात्र राजकुमार को इंडियन ऑयल में नौकरी दिलाने का झांसा देकर पांच लाख रुपये ठग लिए गए। फर्जी नियुक्ति पत्र व पहचान पत्र भी थमा दिया गया। ज्वाइनिंग के लिए पहुंचने पर पता चला कि उसके साथ फर्जीवाड़ा हुआ है। रुपये वापस मांगने पर पीड़ित को धमकी दी गई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
कानपुर के महाराजपुर का रहने वाला भुक्तभोगी कैंट में किराये के कमरे में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करता है। उसने पुलिस को बताया कि पिछले साल उसकी मुलाकात उमरपुर नीवा निवासी दीपक सिंह से हुई। आरोप है कि उसने इंडियन ऑयल में नौकरी दिलवाने का झांसा देकर उससे कुल 4.79 लाख रुपये ले लिए। इसके बाद नियुक्ति पत्र और पहचान पत्र भी दे दिया।
इसे लेकर जब वह मथुरा रिफाइनरी में ज्वाइनिंग के लिए पहुंचा तो पता चला कि दोनों फर्जी हैं। वापस आकर दीपक से पूछा तो उसने कहा कि अधिकारियों के बदल जाने से दिक्कत हुई। लेकिन वह उसकी नौकरी लगवा देगा। धीरे-धीरे एक साल से ज्यादा का समय बीत गया और रुपये वापस मांगने पर अब आरोपी गालीगलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दे रहा है। कैंट पुलिस ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी गई है।