झूंसी के गंगादीप कालोनी में बुधवार रात जमीन पर कब्जे को लेकर कई राउंड फायरिंग और बमबाजी हुई। पुलिस ने सर्च ऑपरेशन के बाद गेस्ट हाउस के भीतर से 20 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनके पास से चार तमंचा, 19 कारतूस, एक पिस्टल और पांच जिंदा बम सहित दस बाइकें पुलिस ने कब्जे में ली हैं। आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत कई संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर बृहस्पतिवार को दोपहर चालान कर दिया गया।
पुलिस के मुताबिक छतनाग वार्ड के गंगादीप कालोनी में झूंसी कोहना गांव निवासी सगे भाई आशीष भारतीया और सतीश भारतीया की जमीन है। दोनों बुधवार सुबह जमीन की बाउंड्री करा रहे थे। इसी दौरान गंगादीप कालोनी का गेस्ट हाउस संचालक बजरंगी भारतीया पहुंचा और उसे अपनी जमीन बताने लगा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाया।
एक पक्ष तो थाने पहुंचा, लेकिन दूसरा पक्ष नहीं आया। इसी बीच रात करीब नौ बजे दूसरे पक्ष से असलहे से लैस होकर 20 से अधिक लोग जमीन पर पहुंचे और बाउंड्री गिराने लगे। माैके पर पहुंचकर दोनों भाईयों ने विरोध दर्ज कराया। आरोप है कि उन्होंने कई राउंड फायरिंग और बमबाजी करते हुए हमला कर दिया। इसमें आशीष बाल-बाल बच गया।
घटना की जानकारी के बाद एसएचओ झूंसी उपेंद्र प्रताप सिंह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को देखते ही आरोपी वहां से भाग निकले और गेस्ट हाउस में जाकर छिप गए। पुलिस ने गेस्ट हाउस की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान 20 लोगों को गिरफ्तार किया गया।
एसएचओ ने बताया कि गिरफ्तार लोग संगठित गिरोह बनाकर झूंसी, थरवई और फाफामऊ में जमीन कब्जाने के अपराध में लिप्त हैं। सभी के खिलाफ लिखापढ़ी कर बृहस्पतिवार दोपहर चालान कर दिया गया।