Prayagraj News : एसआरएन अस्पताल में लगी आग।
- फोटो : अमर उजाला।
फायर इंस्टिग्विशर छोड़ अग्निशमन के अन्य इंतजाम ध्वस्त
एसआरएन अस्पताल में बुधवार को आग लगने की घटना के बाद चौंकाने वाली बात सामने आई। पता चला कि यहां फायर इंस्टिग्विशर छोड़कर अग्निशमन के अन्य सारे इंतजाम ध्वस्त हैं। हौज रील, हौज पाइप समेत अन्य सभी उपकरण खराब पड़े मिले।
यह हाल तब है जब अग्निशमन विभाग की ओर से लगातार एसआरएन अस्पताल व मेडिकल कॉलेज प्रशासन को पत्र भेजकर इस संबंध में ध्यान आकृष्ट कराया जाता रहा है। मौजूदा साल में ही ऐसे तीन पत्र अग्निशमन विभाग की ओर से भेजे जा चुके हैं।
जानकारों का कहना है कि गनीमत रही कि बुधवार को लगी आग पर कुछ देर में ही काबू पा लिया गया। आग फैलती तो अस्पताल में उपलब्ध इंतजामों के बूते इस पर काबू पाना आसान नहीं होता। इस संबंध में मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव पांडेय का कहना है कि अस्पताल में अग्निशमन उपायों में सिर्फ फायर इंस्टिग्विशर ही ठीक मिले। अन्य व्यवस्थाएं ध्वस्त थीं। इस संबंध में पहले भी कई बार एसआरएन अस्पताल व मेडिकल कॉलेज प्रशासन को पत्र भेजकर निवेदन किया जा चुका है।
महाधिवक्ता भवन में हुई दुर्घटना से नहीं लिया सबक
अग्निशमन के इंतजाम दुरुस्त न होने पर एसआरएन अस्पताल व मेडिकल कॉलेज प्रबंधन सवालों के घेरे में है। यह भी कहा जा रहा है कि लगभग एक महीने पहले महाधिक्ता कार्यालय में हुई अग्निदुर्घटना से भी अफसरों ने कोई सबक नहीं लिया। महाधिवक्ता कार्यायल में हुई दुर्घटना में अन्य कारणों के साथ ही अग्निशमन व्यवस्था ठीक न होना भी एक बड़ी वजह थी। जानकारों का कहना है कि एसआरएन अस्पताल में रोजाना हजारों मरीजों का आना-जाना होता है। इसके बावजूद इस तरह की लापरवाही मरीजों की जान से बड़ा खिलवाड़ है।
दो माह पहले स्वास्थ्य मंत्री ने किया था उद्घाटन
एसआरएन की पुरानी बिल्डिंग में बने मॉड्यूलर ऑपरेशन थियेटर का उद्घाटन 12 जून 2022 को हुआ था। इसका उद्घाटन डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने किया था। अस्पताल के चिकित्सकों का कहना है कि इतनी जल्दी दिक्कत आना समझ से परे है। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. एसपी सिंह ने कार्यदायी संस्था और थर्ड पार्टी ऑडिट करने वाली संस्था से जवाब मांगा है।
चिकित्सकों ने बताया कि बुधवार को नौ मरीजों का ऑपरेशन होना था। दो मरीजों का ऑपरेशन हो चुके थे। एक मरीज को एनीथीसिया भी दिया जा चुका था। तब तक धुंआ भरने से अफरातफरी मच गई। डॉक्टर आनन फानन मरीजों को बाहर निकालने में लग गए।