Prayagraj News : आग लगने के बाद पहुंचे दमकलकर्मी।
- फोटो : अमर उजाला।
सिविल लाइंस स्थित अपार्टमेंट में रहने वाली मिनी जॉर्ज के फ्लैट में लगी आग में लाखों का सामान जलकर राख हो गया। आग शॉर्ट सर्किट से लगी। अग्निशमन विभाग को तीन फायर टेंडर लगाने पड़े तब जाकर आग पर काबू पाया जा सका। सिविल लाइंस में दयानंद मार्ग पर जागृति अस्पताल से ठीक सटा हुआ सत्यम अपार्टमेंट है। यहां निजी अस्पताल में काम करने वाली मिनी परिवार समेत रहती हैं। उनके पति पॉल्सन जॉर्ज नौकरी के सिलसिले में जौनपुर में रहते हैं।
शुक्रवार दोपहर में करीब दो बजे अचानक स्विच बोर्ड में हुए शॉर्ट सर्किट से फ्रिज में आग लग गई। देखते ही देखते आग कमरे में रखे हुए कपड़ों से होते हुए किचन तक फैल गई। आग लगने से पूरे कमरे में धुआं भी भर गया। मिनी ने शोर मचाया तो आसपास के लोग बाहर निकले लेकिन तक तक धुआं अपार्टमेंट में फैलने लगा। यह देखकर भगदड़ मच गई और अन्य फ्लैटों में रहने वाले भी बाहर की ओर भागे।
सूचना मिली तो सीएफओ डॉ. राजीव पांडेय और एफएसओ नागेंद्र द्विवेदी मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। एक के बाद एक मौके पर तीन फायर टेंडर के साथ ही वाटर बाउजर भी मंगवाया गया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। हालांकि तब तक पूरी गृहस्थी राख हो चुकी थी। सीएफओ ने बताया कि आग शॉर्ट सर्किट से लगी। इसी दौरान एसी का कंप्रेशर भी फट गया। इसमें दो फायरकर्मी मामूली रूप से झुलस गए। घर में दो महिलाओं समेत चार लोग थे, जिन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
नहीं थे आग से बचाव के पर्याप्त इंतजाम
सूत्रों का कहना है कि अपार्टमेंट में 38 फ्लैट हैं, लेकिन आग से बचाव के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। अग्निशमन विभाग की ओर से नोटिस भी जारी किया गया लेकिन इसके बावजूद अग्निशमन की व्यवस्था नहीं की गई। खास बात यह कि नोटिस के बाद भी इंतजाम न होने पर रिमाइंडर भी भेजा गया। सीएफओ ने बताया कि इस संबंध में जिला प्रशासन को सूचना दी जाएगी।