स्पा सेंटर में हंगामा करने वाले दरोगा को जेल भेजा
सिविल लाइंस थाने में दर्ज हुई रिपोर्ट
प्रयागराज। सिविल लाइंस हॉट स्टफ चौराहे के पास बुधवार की रात एक स्पा सेंटर में हंगामा करने वाले दरोगा को बृहस्पतिवार को जेल भेज दिया गया। दरोगा कलीमुल्ला ने न सिर्फ स्पा सेंटर की महिला स्टाफ से अभद्रता की थी बल्कि सिविल लाइंस के दरोगा से भी बदतमीजी की थी।
आरोपी दरोगा कलीमउल्ला कुछ समय पहले तक पुलिस लाइन में तैनात था और वर्तमान समय में निलंबित चल रहा है। बुधवार को रात नौ बजे के करीब वह हॉट स्टफ चौराहे के पास स्थित किंग थाई स्पा सेंटर में पहुंचा। उसने महिलाकर्मियों समेत अन्य स्टाफ से अभद्रता शुरू कर दी। विरोध पर गालीगलौज और हंगामा करने लगा। इसकी जानकारी मिली तो चौकी प्रभारी सिविल लाइंस राकेश शर्मा पहुंचे। उन्होंने समझाया तो दरोगा उनसे ही उलझ गया। अपशब्द कहने लगा और बात इतनी बढ़ी कि दोनों में हाथापाई होने लगी। तब तक अन्य पुलिसकर्मी भी आ गए और किसी तरह मामला शांत कराया। साथ ही आरोपी दरोगा को हिरासत में ले लिया। मामले को एसएसपी को बताया गया। उनके निर्देश पर रात में ही कलीमुल्ला के खिलाफ विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर बृहस्पतिवार को जेल भेज दिया गया। ब्यूरो