कोरोना संकट के चलते देशभर में चल रहे लॉकडाउन से परेशान छात्रों के लिए मोतीलाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान के प्रोफेसर तनुज नंदन और उनकी बहन भारतीय विदेश व्यापार संस्थान की डॉ. नीति नंदिनी चतनानी वित्तीय साक्षरता का कार्यक्रम लेकर आए हैं। वर्क फ्राम होम कर रहे ये दोनों विशेषज्ञ 14 से 22 वर्ष के बच्चों को ऑनलाइन क्लास में एक-एक घंटे दैनिक जीवन में उपयोगी वित्तीय जानकारी दे रहे हैं। पूरे ऑनलाइन कोर्स की अवधि आठ दिन की रखी गई है। ऑनलाइन जागरूकता कार्यक्रम में भाग लेने केलिए प्रतिभागियों को एक हजार रुपये पीएम केयर्स अथवा अन्य किसी भी कोविड राहत कोष में जमा करना है।
एमएनएनआईटी के स्कूल ऑफ मैनेजमेंट विभाग के प्रोफेसर तनुज नंदन ने बताया कि कार्यक्रम का पहला चरण छह अप्रैल से शुरू होकर 13 अप्रैल को पूरा हो गया। इसमें 55 युवाओं ने पंजीकरण कराया, जबकि 30 से अधिक युवा अगले चरण के लिए प्रतीक्षा सूची में हैं। उन्होंने बताया कि उनकी ओर से इस कार्यक्रम के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कई अभिभावकों ने कोविड फंड के लिए एक हजार से अधिक का योगदान किया है। प्रो. तनुज नंदन ने बताया कि उनके इस अभियान की सकारात्मक प्रतिक्रिया और सराहना से वह अभिभूत हैं। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम को वह निजी स्तर पर लॉकडाउन की अवधि में युवाओं के मध्य वित्तीय जागरूकता फैलाने के लिए कर रहे हैं, इससे संस्थान का संबंध नहीं है।
बचत से शुरू कर पोर्टफोलियो प्रबंधन तक की जानकारी दी
स्कूली और कॉलेज छात्रों के लिए शुरू किए गए वित्तीय जागरूकता कार्यक्रम में पहले दिन बचत और निवेश के महत्व के बारे में जानकारी के साथ कंपाउंडिंग का जादू, जल्दी निवेश शुरू करने के फायदे के बारे में जानकारी दी गई। छात्रों को बैंकों की भूमिका, बैंकों में बचत खाता, सावधि जमा के साथ वित्तीय बाजारों का परिचय, जारीकर्ता एवं निवेशक, वित्तीय मध्यस्थता, स्टॉक एक्सचेंज, प्रतिभूतियों के प्रमुख प्रकार, स्टॉक और बांड से रिटर्न, स्टॉक इंडेक्स, सामान्य बचत योजनाएं, बीमा, डेबिट और एटीएम कार्ड, क्रेडिट कार्ड, डिजिटल और ऑनलाइन भुगतान, म्यूचुअल फंड का परिचय, एमएफ में निवेश करना, पोर्टफोलियो प्रबंधन और अंतर्राष्ट्रीय विविधता के बारे में बताया गया।