यूपी बोर्ड सत्र 2020-21 के लिए परीक्षा केंद्रों की सूची सोमवार को जारी कर देगा। इससे पहले यूपी बोर्ड ने जिला स्तर पर संशोधन के बाद परीक्षा केंद्रों की सूची ऑनलाइन अपलोड की थी और प्रदेश स्तर पर आपत्तियां मांगीं थी। इन आपत्तियों के बाद यूपी बोर्ड परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची जारी करने जा रहा है।
यूपी बोर्ड ने सबसे पहले 8497 परीक्षा केंद्रों की सूची जारी की थी और जिला स्तर पर आपत्तियां मांगीं थीं। सभी जिलों में डीएम की अध्यक्षता में गठित जिला स्तरीय कमेटियों के माध्यम से आपत्तियों का निस्तारण कराने के बाद यूपी बोर्ड ने परीक्षा केंद्रों की दूसरी एवं संशोधित सूची 14 फरवरी को जारी की थी, जिसमें परीक्षा केंद्रों की संख्या बढ़कर 8514 हो गई थी।
प्रयागराज में भी 21 परीक्षा केंद्र बढ़े थे। परीक्षा केंद्रों की पहली सूची में प्रयागराज में 300 केंद्र निर्धारित किए गए थे। जिला स्तर पर आईं आपत्तियों के निस्तारण के बाद प्रयागराज में केंद्रों की संख्या बढ़कर 321 हो गई थी। यूपी बोर्ड ने दूसरी सूची पर 18 फरवरी तक प्रदेश स्तर आपत्तियां मांगी थीं। निर्धारित तिथि तक तीन सौ से अधिक आपत्तियां आईं थीं। अब इनके निस्तारण के कारण यूपी बोर्ड 22 फरवरी को परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची जारी करेगा।