सोरांव थाना क्षेत्र के अब्दालपुर खास गांव के रहने वाले मन्नीलाल यादव तहसील सोरांव में वकालत करते हैं। उनका पड़ोसी इंद्रपाल से जमीन को लेकर कोर्ट में मुकदमा चल रहा है। आरोप है कि बीते 19 जनवरी को इंद्रपाल विवादित भूमि पर रास्ते का निर्माण कर रहे थे। अधिवक्ता मन्नीलाल यादव ने विरोध करते हुए पुलिस को बुलाकर न्यायालय से स्थगन आदेश का हवाला देते हुए निर्माण कार्य रोकवा दिया था।
आरोप है कि इससे आक्रोशित होकर बीते 20 जनवरी को पूर्व ग्राम प्रधान सतीश यादव समेत कई लोगों ने मन्नीलाल यादव के साथ मारपीट की। बीच-बचाव में मन्नीलाल की पत्नी भी घायल हो गई। मन्नीलाल यादव की तहरीर पर मंगलवार को पुलिस ने पूर्व ग्राम प्रधान सतीश यादव, ओम प्रकाश यादव, रामराज यादव, चंचल यादव, रवि यादव, हर्ष यादव, दिलीप यादव, दिनेश यादव, अंकित यादव और आयुष यादव उर्फ लकी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की है।