prayagraj news : आग पर काबू पाते फायरब्रिगेड कर्मचारी।
- फोटो : prayagraj
स्टेट बैंक आफ इंडिया की राजापुर शाखा में शनिवार की शाम भीषण आग लग गई। फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसी दौरान फायर ब्रिगेड की सीढ़ी टूट गई। हादसे में दमकल के दो कर्मचारी घायल हो गए। दोनों ओर से रास्ता रोककर घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग से लाखों के नुकसान का अनुमान है। बैंक के ऊपरी हिस्से रहने वाले लोगों को बगल की छत से बाहर निकाल दिया गया था।
राजापुर में रहने वाले रोहित केसरवानी की बिल्डिंग में दूसरे तल पर स्टेट बैंक आफ इंडिया की शाखा है। रोहित का परिवार तीसरे तल पर रहता है। शनिवार को बैंक बंद था। शाम को चार बजे के करीब शाखा में आग लग गई। खिड़की और दरवाजों से गाढ़ा धुआं देखकर लोग दहशत में आ गए। तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। मकान मालिक रोहित केसरवानी के परिवार के लोग भी तीसरे तल पर फंस गए थे। फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने सीढ़ी लगाकर सबसे पहले तीसरे तल पर रहने वाले रोहित के परिजनों को बगल की छत से बाहर निकाला गया।
इसके बाद एसबीआई शाखा में आग बुझाने का काम शुरू हुआ। इसी दौरान फायर ब्रिगेड की रेस्क्यू सीढ़ी टूट गई और दो फायरमैन शिवमूरत यादव और धर्मेंद्र मिश्रा गिर गए। उन्हें काफी चाटें आईँ। इसके बाद पुलिस ने दोनों ओर से रास्ता बंद कर दिया और आग बुझाना शुरू किया। सीएफओ आरके पांडेय ने बताया कि कुछ घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। उन्होंने बताया कि आग लगने की कारणों की जांच की जा रही है। संभवत: शार्ट सर्किट से आग लगी थी। उन्होंने बताया कि घटना के दौरान घायल दोनों फायरमैन को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मकान मालिक के परिवार को बगल की छत से निकाला गया बाहर
राजापुर के रहने वाले रोहित केसवरानी का परिवार बिल्डिंग के तीसरे तल रहता है। जब बैंक की खिड़की और दरवाजों से गाढ़ा धुआं निकलने लगा तो परिवार वालों सहम उठे। आस पड़ोस से मदद मांगी गई। आग की सूचना मिलते ही वहां काफी भीड़ भी लग गई थी। फायर ब्रिगेड के अधिकारी जब मौके पर पहुंचे तो उन्होंने सबसे पहले रोहित के परिवार वालों का रेस्क्यू किया। सीएफओ आरके पांडेय ने बताया कि सीढ़ी लगाकर फायर कर्मी छत पर चढ़े और परिवार वालों को बगल की छत से रेस्क्यू कराया गया।
लाखों के नुकसान का अनुमान, आकलन के बाद पता चलेगा
आग से एसबीआई शाखा में लाखों के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। बैंक अधिकारियों को घटना की सूचना दे दी गई। आकलन के बाद ही पता चलेगा कि कितना नुकसान हुआ।