कौशाम्बी के पिपरी कोतवाली के चायल कस्बे में पिता-पुत्र की चाकू से गोदकर नृशंस हत्या कर दी गई। शुक्रवार सुबह खून से लथपथ नौसे (30) उसके बेटे अनवर (4) के शव कमरे में मिले, जबकि पत्नी बदहवास हालत में घर के अंदर मिली।
बेहोशी की हालत में मृतक की पत्नी को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वारदात के पीछे प्रथम दृष्टया तंत्र मंत्र की बात सामने आई है।
चायल कस्बा निवासी नौसे उर्फ वकील अहमद पुत्र शकील अहमद तीन भाइयों में सबसे छोटा था। वह पत्नी गुलनाज बानो और तीन बच्चों अनवर (4), वाजिहा खातून (6) व ढाई माह की मासूम बेटी मायरा खातून के साथ मुंबई में रहकर सिलाई का काम करता था।
लॉकडाउन के चलते पिछले दिनों वह घर आ गया था। यहां पर भी वह सिलाई करके परिवार का खर्च चला रहा था। इधर कुछ दिनों से नौसे की तबीयत ठीक नहीं रहती थी। इस कारण वह तंत्र मंत्र करने वाले अपने साढू बब्लू अहमद निवासी बेगम बाजार मुंडेरा, प्रयागराज के संपर्क में था।
दो दिन पहले नौसे का साढू अपनी पत्नी व सास के साथ नौसे के यहां आया था। इस दौरान पड़ोसियों ने घर के अंदर से कराहने जैसी डरावनी आवाज सुनी थी। शुक्रवार सुबह नौसे और अनवर की घर के भीतर रक्तरंजित लाश मिली।
हमलावरों ने बड़ी बेरहमी के साथ चाकू से गोदकर हत्या की थी। सूचना मिलने पर डीएम अमित कुमार सिंह, एडीजी प्रेमप्रकाश, एसपी अभिनंदन ने पुलिस फोर्स व डाग स्क्वाएड टीम के साथ पहुंचकर मौका मुआयना किया। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला तंत्र मंत्र से संबंधित लग रहा है।
मामले में मृतक के बड़े भाई शकील अहमद की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस पड़ोसियों से पूछताछ कर रही है। सीओ श्यामकांत का दावा है कि मामले में महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। जल्द ही हत्यारोपी गिरफ्त में होंगे। इंस्पेक्टर विजय कुमार राय का कहना है कि साढू की धरपकड़ के लिए टीम को लगा दिया गया है।
फील्ड यूनिट ने की जांच
फील्ड यूनिट टीम को जांच के दौरान मौके पर कई तांबे और चांदी के पुराने सिक्के व तंत्रमंत्र से जुड़ीं चीजें मिलीं है। टीम ने कमरे में खुदी हुई जमीन की मिट्टी, पास ही कटा हुआ नींबू, जला हुआ कपड़ा, सूखी लाल मिर्च और रक्त रंजित चाकू बरामद किया है। टीम ने फिंगर प्रिंट और बिस्तर में पड़े खून का नमूना एकत्र कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया।