घर में घुसकर मोबाइल फोन चोरी कर भाग रहे युवक ने पकड़े जाने पर पिता-पुत्र पर जानलेवा हमला कर दिया। घायल पिता राकेश पाल को 25 और बेटे रौनक को 15 टांके लगे हैं। पुलिस ने उन्हें रात में ही स्वरूप रानी नेहरू चिकित्सालय में भर्ती कराया है।
एडीए कॉलोनी स्थित वेलकम गेस्ट हाउस के पास राकेश पाल का परिवार रहता है। देर रात करीब 2 बजे एक युवक दीवार फांदकर घर में घुसा। उसने रौनक और सीता देवी का मोबाइल फोन तथा पैंट की जेब से रुपये चुराए। जाते समय वह बांस-बल्ली से टकरा गया, जिससे आवाज हुई। राकेश की नींद खुली तो युवक भागने लगा। राकेश ने शोर मचाया तो परिवार के लोग उठ गए। बेटे रितिक ने कैमरे की फुटेज देखी। फुटेज से पता चला कि चोर किस तरफ गया है। इसके बाद राकेश और रौनक बाइक से उसका पीछा करने लगे। करीब 1 किलोमीटर दूर कब्रिस्तान के पास युवक पैदल जाते हुए दिखाई पड़ा।
पिता-पुत्र ने युवक को रोका तो वह मोबाइल वापस करने लगा। ऊपर की जेब से मोबाइल देने के बाद उसने नीचे की जेब में हाथ डाला। मोबाइल निकालने के बजाय उसने राकेश के चेहरे से गले तक चाकू से वार कर दिया। रौनक ने बीच-बचाव किया तो युवक ने उस पर भी चाकू से हमला किया।
घायल पिता को लेकर रौनक कॉलोनी स्थित एक अस्पताल पहुंचा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चाका भेजा, जहां से उन्हें स्वरूप रानी नेहरू चिकित्सालय रेफर किया गया। एडीए चौकी प्रभारी ने बताया कि अभी तक कोई शिकायत लेकर नहीं पहुंचा है। इंस्पेक्टर नैनी बृज किशोर गौतम ने बताया कि हमला ब्लेड से किया गया है। आरोपी युवक की पहचान कर उसकी तलाश की जा रही है।
नैनी। घायल राकेश पाल