आसपुर देवसरा क्षेत्र में लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग 56 के सोनपुरा गांव में बुधवार की शाम करीब चार बजे एनएचआई की कार्यदायी संस्था गायत्री प्रोजेक्ट लिमिटेड के मैनेजर बी श्रीनावस , डिप्टी प्रोजेक्ट मैनेजर मलेश्वराव व प्रशासनिक अधिकारी अमित सिंह, अनिल यादव, फोरलेन सड़क निर्माण के लिए पहुंचे। जैसे ही निर्माण कार्य शुरू हुआ गांव के किसानों का आक्रोश फूट पड़ा।
मौके पर पहुंचे रामनिरंजन गुप्ता, सूर्य नारायण मिश्र, रामफेर विश्वकर्मा, दिलीप मिश्र, श्रीनाथ यादव, राज बहादुर मिश्र, कांतीलाल दूबे सहित दर्जनों किसानों ने एनएचएआई कर्मियों से नोकझोंक करते हुए कार्य बंद करा दिया। इस दौरान किसानों ने बताया कि अभी सर्किल रेट पर किसानों का भुगतान नहीं हुआ है। अपनी जमीन खो चुके किसान न्यायालय का चक्कर लगा रहे हैं ।किसानों ने एक स्वर से कहा कि जब तक भुगतान नहीं होगा निर्माण कार्य नहीं करने दिया जाएगा।
गायत्री प्रोजेक्ट लिमिटेड के मैनेजर ने बताया कि एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर एसबी सिंह के निर्देश पर कार्य करने आए हैं। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा बताया गया हैं कि प्रतापगढ़ के किसानों का भुगतान हो चुका है। कोई भी विवाद नहीं है। किसानों के आक्रोश को देखते हुए कार्यदायी संस्था के कर्मचारी अपनी मशीनरी लेकर लौट गए।