खाद की किल्लत, नहरों में सिंचाई के लिए पानी की कमी को लेकर भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के पदाधिकारियों ने मंगलवार को फूलपुर तहसील परिसर में धरना-प्रदर्शन किया।
मंडल अध्यक्ष बब्लू दुबे के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री को संबोधित 21 सूत्री मांगों का ज्ञापन एसडीएम हीरालाल सैनी को सौंपा गया। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।
ज्ञापन में भूमाफिया पर सख्त कार्रवाई, किसानों की जमीनों की सुरक्षा, जबरन भूमि अधिग्रहण पर रोक, डीएपी व यूरिया खाद की कालाबाजारी पर अंकुश, नहरों में पानी उपलब्ध कराने, लावारिस पशुओं और बंदरों से फसलों की सुरक्षा, बिजली विभाग की मनमानी पर रोक सहित 21 प्रमुख मांगें शामिल हैं।
मंडल महासचिव जगदीश नारायण तिवारी ने कहा कि समय पर खाद और सिंचाई का पानी नहीं मिलने से किसानों की फसल प्रभावित होगी। सरकार और प्रशासन को किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए तत्काल समाधान करना चाहिए।
एसडीएम ने किसानों को आश्वस्त किया कि उनकी मांगों को शासन तक भेजते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के लिए अवगत कराया जाएगा। इस मौके पर मुन्ना सिंह, गोविंद बहादुर सिंह,राममूरत यादव, एहसान खां, कमलेश, सुधीर, मनीष, ज्ञानचंद्र, आदित्य, अंकित रहे।