मेजा के बैरहना गांव में बुधवार आधी रात खेत की रखवाली कर रहे किसान की फावड़े से हत्या कर दी गई। आक्रोशित परिजनों ने शव को सड़क पर रख चक्काजाम कर दिया। उनकी मांग थी कि आरोपियों के घर पर बुलडोजर चलाया जाए।
घंटे भर तक चले चक्काजाम के बाद एसीपी मेजा ने आक्रोशित लोगों को समझाकर शांत करा दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
बैरहना गांव के प्रेमचन्द्र यादव (40) खेती करते थे। वह दो भाइयों में छोटे थे। मृतक के छोटे बेटे अजीत ने बताया कि करीब 15 दिन पहले उन्होंने अपने खेत में धान की रोपाई की थी। आरोप है कि पड़ोस के कुछ लोग उनकी फसल को उखाड़ देते थे।
उसी की रखवाली के लिए प्रेमचन्द्र पेड़ पर चढ़कर रात बिताते थे। बुधवार रात करीब 10 बजे वह घर से खाना खाकर खेत चले गए। बृहस्पतिवार सुबह जब प्रेमचन्द्र घर नहीं लौटे तो उनका बेटा अजीत खेत गया।
देखा कि पिता की मेड़ पर लाश पड़ी थी। कुछ देर में मौके पर भीड़ लग गई। आक्रोशित परिजनों ने शव को सड़क पर रख चक्काजाम कर दिया। उनकी मांग थी कि आरोपियों के घर पर बुलडोजर चलाया जाए। एसीपी मेजा और मेजा थाने के इंस्पेक्टर नितेंद्र शुक्ला ने आक्रोशित लोगों को समझाकर शांत कराया।
पत्नी की सर्पदंश से हो चुकी है मौत
करीब 10 वर्ष पहले प्रेमचन्द्र की पत्नी सावित्री देवी की सर्पदंश से मौत हो चुकी है। उनके तीन बेटे और तीन बेटियां हैं। दो बेटे और एक बेटी की शादी हो चुकी है। बेटे अजीत ने बताया कि पड़ोस आए दिन कभी मेड़ काट देते थे, तो कभी खेत में बोई गई धान की फसल को उखाड़ देते थे। इंस्पेक्टर नितेंद्र शुक्ला ने बताया कि बेटे अजीत यादव की तहरीर पर पड़ोस के पप्पू, उसके बेटे गुड्डू और पप्पू के दो सगे भाइयों के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज की गई है।
मेजा इंस्पेक्टर नितेंद्र कुमार शुक्ला ने बताया कि दो आरोपियों पप्पू और उसके बेटे गुड्डू को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अन्य दो आरोपियों की तलाश की जा रही है। शुक्रवार को पोस्टमार्टम होगा।
18 दिन में दो किसानों की हुई हत्या
18 दिन के अंदर कोहड़ार क्षेत्र में दो किसानों की हत्या हो चुकी है। बीते 18 जुलाई की रात मदरहा गांव में जमीन के विवाद में भसुंदर खुर्द के किसान सूर्यबली गुप्ता (58) की चाकू से हत्या कर दी गई थी। दूसरी घटना, बैरहना में घटी। यहां खेत की रखवाली कर रहे प्रेमचन्द्र यादव (40) के सिर में फावड़े से वार कर हत्या कर दी गई।
पुलिस के खिलाफ किन्नरों ने भी भरी हुंकार
प्रेम चन्द्र यादव की हत्या के बाद आक्रोशित परिजनों के साथ किन्नरों ने भी पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। किन्नरों ने कहा कि हत्यारों के खिलाफ कार्रवाई करो वरना थाना छोड़ो। किन्नरों ने कहा कि हत्यारे जल्द जेल भेजे जाएं। यदि ऐसा नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा।
आरोपी आए दिन प्रेमचन्द्र की फसल को नष्ट करते थे। इसलिए वह खेत की रखवाली के लिए रात को भी खेत में ही रहते थे। घटना की जांच-पड़ताल की जा रही है। फॉरेंसिक टीम ने भी जांच की है। आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। -बृजेश पाठक, एसीपी मेजा
कोहडा़रघाट क्षेत्र के बैरहना गांव में हुई किसान की हत्या के बाद जुटी ग्रामीणों की भीड़। संवाद
कोहडा़रघाट क्षेत्र के बैरहना गांव में हुई किसान की हत्या के बाद जुटी ग्रामीणों की भीड़। संवाद