यूपी बोर्ड के बहु प्रतीक्षित परिणाम में शहर के नामी-गिरामी स्कूलों ने प्रदेश और जिले की मेरिट में रैंक हासिल कर मान बढ़ाया। इसके साथ ग्रामीण क्षेत्र के कुछ नए स्कूलों ने भी जिले की मेरिट में अच्छी रैंक हासिल करके चौंकाने का काम किया है। जिले के परीक्षाफल में हमेशा से अच्छा प्रदर्शन करने वाले एसपी इंटर कॉलेज सिकरो, बीबीएस इंटर कॉलेज शिवकुटी, ज्वाला देवी विद्या मंदिर सिविल लाइंस, राजकीय इंटर कॉलेज, माधव ज्ञान केेंद्र नैनी, एसबीएमआईसी नैनी के छात्र-छात्राओं ने जहां विद्यालय का मान बढ़ाया, वहीं कई नए विद्यालयों एसबीपी हायर सेकेंडरी स्कूल नैनी, बीआर यादव इंटर कॉलेज फूलपुर सहित कई अन्य स्कूलों ने जिले की मेरिट में जगह बनाकर सबको चौंकाया है।
शहर से जुड़े नैनी क्षेत्र के कई गुमनाम स्कूलों के बच्चों ने हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की परीक्षा में जिले की मेरिट में जगह बनाई तो शहर से 65 किमी दूर कोरांव के सरदार पटेल इंटर कॉलेज सिकरो के दो छात्र-छात्राओं ने इंटरमीडिएट एवं हाईस्कूल की परीक्षा में प्रदेश एवं जिले की मेरिट में स्थान बनाकर जिले में मजबूत उपस्थिति दर्ज करवाई है। नैनी के सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के चार छात्रों ने इंटरमीडिएट और हाईस्कूल की मेरिट में जगह बनाई है। नैनी के सरस्वती विद्या मंदिर ने जिले में लगातार तीन वर्ष 2013, 2014 और 2015 में इतनी बड़ी संख्या में टॉपर दिए हैं। एसबीपी हायर सेकेंडरी स्कूल नैनी के दो छात्रों ने हाईस्कूल की मेरिट में जगह बनाई। बीते वर्षों में अच्छा रिजल्ट देने वाले विद्यालयों शिव चरण दास कन्न्हैया लाल, सीएवी, जमुना क्रिश्चियन इंटर कॉलेज, केपी इंटर कॉलेज जैसे कई नामी स्कूलों के हाथ निराशा हाथ लगी।