मीरापुर के 1000 घरों में पानी के लिए हायतौबा मची है। चार दिन से लो प्रेशर से आ रहा पानी भी नहीं मिला। शनिवार को रमादेवी इंटर कॉलेज के सामने पार्क में लगे नलकूप की मोटर फुंक गई। शिकायत पर जेई ने मरम्मत कराने से हाथ खड़े कर दिए। जलकल अफसरों ने अनसुनी कर दी।
गर्मी के मौसम में पानी की किल्लत मीरापुर के निवासियों पर भारी पड़ रही है। स्थानीय निवासी डॉ. संतोष खन्ना के मुताबिक लो प्रेशर की शिकायत पर जलकल अफसर ध्यान दे देते तो यह नौबत न आती। नलों से टपक रहा पानी भी बंद हो गया। लोग बाल्टी, डिब्बा लेकर भटक रहे हैं।
सीमा, ननकई, अप्पी टंडन आदि ने बताया कि शनिवार शाम नल सूं-सूं की आवाज करते रहे। घंटों इंतजार के बाद भी जलापूर्ति नहीं हुई। परेशान लोग रामलीला पार्क पहुंचे तो वहां ऑपरेटर ने बताया कि मोटर जल गई है। लोगों ने जेई सुरेंद्र से संपर्क किया तो उन्होंने तसल्ली देने के बजाए कहा कि गर्मी है, कहां से लाएं मोटर, ऐसे ही चलता रहेगा।
लोगों ने महाप्रबंधक जलकल से भी शिकायत की तो उन्होंने संतोषजनक आश्वासन नहीं दिया। लोगों ने इसकी शिकायत महापौर और जिलाधिकारी से करने का निर्णय लिया है।