मदरहा गांव में सूर्यबली गुप्ता (58) की चाकू मारकर की गई हत्या के मामले में सोमवार आधी रात बाद तक परिजनों ने दरवाजे पर शव रख हंगामा किया। एसीपी मेजा बृजेश पाठक के समझाने पर परिजन शव का अंतिम संस्कार करने के लिए राजी हो गए। मंगलवार को सिरसा केे छतवा गंगा घाट पर अंतिम संस्कार किया गया।
उधर, परिजनों की मांग थी कि मदरहा में जिस जमीन को लेकर विवाद था उस पर दूसरे पक्ष की ओर से किए गए कब्जे को हटाया जाए। एसीपी ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
मेजा थाना क्षेत्र के भसुंदर खुर्द के सूर्यबली गुप्ता घर से तीन किलोमीटर दूर मदरहा में घर बनाकर रहते थे। इनका पड़ोस में ग्राम सभा की जमीन पर कब्जे को लेकर विवाद था। रविवार सुबह घर के अंदर सोते वक्त सूर्यबली गुप्ता लहूलुहान पड़े थे।
एसआरएन अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी। पुलिस ने मामले में पड़ोस के अनूप केशरी के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की है। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचा तो आक्रोशित परिजनों ने अंतिम संस्कार करने से इन्कार कर दिया था।
उन्होंने कहा था कि जब तक आरोपी के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाएगी, तब तक अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा। आधी रात तक परिजनों का हंगामा चलता रहा। एसीपी ने समझाकर परिजनों को शांत करा दिया। मंगलवार को सिरसा के छतवा गंगा घाट पर शव का अंतिम संस्कार किया गया।
पोस्टमार्टम में खुलासा, किसान ने की थी आत्महत्या
गोसौरा कला के किसान अवधेश पटेल (50) की मौत का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हुआ है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह हैंगिंग (आत्महत्या) आई है। एसीपी मेजा बृजेश पाठक ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ हो गया है कि किसान अवधेश पटेल ने आत्महत्या की थी।
सोमवार सुबह किसान अवधेश पटेल का शव घर से 200 मीटर दूर स्थित रामराज गुप्ता के घर के बरामदे में फंदे से लटका मिला था। मामले में पत्नी गीता देवी की तहरीर पर पुलिस ने डोरवा गांव के दीपक पटेल के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
आरोप है कि दीपक पटेल ने अवधेश पटेल से दो बिस्वा जमीन ली थी, लेकिन जमीन का पूरा राशि नहीं दी थी। जब अवधेश पैसा मांगने दीपक पटेल के पास जाते थे तो वह उन्हें भगा देता था। इससे वह मानसिक रूप से प्रताड़ित रहने लगे। इसी से आहत होकर उन्होंने आत्महत्या कर ली। मेजा इंस्पेक्टर नितेंद्र कुमार शुक्ला ने आक्रोशित परिजनों को समझाकर मामला शांत कराया। मंगलवार को सिरसा के छतवा गंगा घाट पर शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।