सिविल लाइंस में मंगलवार को दिनदहाड़े जीवन ज्योति अस्पताल के कैशियर से हेलमेट पहने दो बदमाशों ने सात लाख रुपये लूट लिए गए। घटना दोपहर करीब दो बजे उस वक्त हुई, जब कैशियर अपने सहकर्मी के साथ अस्पताल के कटे-फटे नोट बदलवाकर बैंक से लौट रहा था। बाइक सवार लुटेरे मैक्स शोरूम के पीछे वाली सड़क पर रुके कैशियर के कंधे पर टंगा नकदी भरा बैग छीनकर भाग निकले। लुटेरों के हेलमेट पहने होने से आसपास के ही होने की आशंका जताई जा रही है।
यह वारदात हुई, कीडगंज निवासी प्रह्लाद सिंह के साथ। वह जीवन ज्योति अस्पताल में कैशियर हैं। मंगलवार दोपहर प्रह्लाद अपने सहकर्मी अनिरुद्ध सिंह यादव के साथ बाइक से संगम पैलेस स्थित पंजाब नेशनल बैंक में सात लाख रुपये के पुराने नोट बदलवाने पहुंचे थे। कुछ देर बाद बैग में नगदी रखकर दोनों वापस लौटे। प्रह्लाद ने पुलिस को बताया कि अनिरुद्ध को पीएनबी हाउसिंग फाइनेंस के कार्यालय में लोन संबंधी कागज जमा करना था। इसके लिए वे मैक्स शोरूम के पीछे की सड़क पर पहुंचे। अनिरुद्ध कागज देने चला गया। प्रह्लाद नीचे ही उसके लौटने का इंतजार करने लगा।