नवाबगंज। प्रचंड गर्मी में भी नदी किनारें के गांवों में जलसंकट गहरा गया है। हालांकि, सरकार दावा कर रही है कि हर घर नल जल योजना में गांव के हर घरों में पानी पहुंच रहा है। हकीकत यह है कि पाइप लाइन डाल दी गई, लेकिन पानी नहीं मिल रही है। खासतौर से कौड़िहार व हथिगंहा बाजार में पानी को लेकर लोगों को जद्दोजहद करनी पड़ रही है।
लोगों ने बताया कि पांच साल पहले गांव के लोगों को शुद्ध पेयजल मुहैया कराने के लिए रामपुर, सरायराह कोराली, मुबारकपुर उपरहार, लखरैंया व सेरांवा में विश्व बैंक पोषित नीर निर्मल परियोजना के द्वारा पानी टंकी बना दी गई, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है।
गंगा नदी के समीपवर्ती गांव चफरी, टेकरी, मलिकपुर, मुबारकपुर व पूरन कछार आदि में पानी को लेकर त्राहिमाम मचा हुआ है। चफरी गांव निवासी डॉ. शाहिद व नौशाद अहमद ने बताया कि पैसे जमा करने के बाद जलापूर्ति का कनेक्शन नहीं दिया गया।