उमस भरी गर्मी ने लोगों को बेहाल कर रखा है। इस बीच शहर के अधिकांश इलाकों में बिजली की लगातार कटौती ने मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। मंगलवार देर रात से शुरू हुआ बिजली का आना-जाना बुधवार देर रात तक जारी रहा जिससे आम जनजीवन प्रभावित हुआ। कहीं तकनीकी खामी बताई गई तो कहीं लो वोल्टेज या कहीं लोड बढ़ने से फीडर ट्रिप होने की समस्या बनी रही।
लो वोल्टेज, लोकल फॉल्ट की समस्या के कारण उपभोक्ताओं को राहत नहीं मिल सकी। लगातार बिजली कटौती ने घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के कामकाज को भी बाधित किया है।लगातार बिजली कटौती से प्रभावित इलाकों में असंतोष बढ़ रहा है।
गऊघाट उपकेंद्र से जुड़े मुट्ठीगंज, बड़ा चौराहा और गाजीगंज मंडी जैसे क्षेत्रों में फीडर ट्रिप होने से बिजली एक से दो घंटे के अंतराल पर आती-जाती रही, जिससे लोगों को दिनभर परेशानी का सामना करना पड़ा।
साउथ मलाका, रामबाग, बैरहना, कोठापार्चा, राजा बनारस की कोठी और जीरो रोड जैसे इलाकों में भी स्थिति कमोबेश ऐसी ही रही। इन क्षेत्रों में मंगलवार देर रात से बुधवार देर रात तक कई बार आधे-आधे घंटे के लिए बिजली गुल होती रही।
इसी तरह लोकल फॉल्ट और लोड बढ़ने की वजह से कल्याणी देवी, अतरसुइया, रानीमंडी, मीरापुर और दरियाबाद में बिजली संकट बना रहा। दिन ही नहीं, देर रात तक आधे-आधे घंटे के अंतराल पर बिजली का आना-जाना लगा रहा।
तेलियरगंज, छोटा बघाड़ा, सलोरी, गोविंदपुर, कटरा, कर्नलगंज, जॉर्ज टाउन और राजापुर जैसे इलाकों में भी सुबह से देर रात तक बिजली की आंख-मिचौली जारी रही। बताया गया कि लोकल फॉल्ट की वजह से बत्ती काटी गई। सोहबतियाबाग, तिलक नगर, दारागंज, अल्लापुर और अलोपीबाग क्षेत्रों में भी मंगलवार से बुधवार देर रात तक बार-बार बिजली कटौती की खबरें सामने आईं। इसके अतिरिक्त, आनंदपुरम, राजरूपपुर, कालिंदीपुरम और चकिया क्षेत्रों में भी पूरे दिन बिजली की आवाजाही से लोग परेशान रहे।
उमस और बिजली कटौती का दोहरी मार
उमस भरी गर्मी में लगातार बिजली कटने से लोगों को घरों में रहना मुश्किल हो गया है। पंखे और कूलर ठीक से काम नहीं कर पा रहे हैं, जिससे तापमान असहनीय हो गया है। इस स्थिति में, बिजली की आपूर्ति में अनियमितता ने लोगों की परेशानी को दोगुना कर दिया है। व्यावसायिक प्रतिष्ठान भी इस बिजली कटौती से प्रभावित हुए हैं, जिससे उनके कामकाज पर भी असर पड़ रहा है।
पीपल गांव समेत कई मोहल्लों में रातभर गुल बिजली गुल, सुबह पानी के संकट से लोग परेशान
प्रयागराज। पीपल गांव स्थित शिखर वीर आवास सोसाइटी में मंगलवार रात से बुधवार सुबह तक बिजली गुल रही। इससे उमस भरी गर्मी और सुबह पानी के संकट से स्थानीय लोगों को जूझना पड़ा। स्थानीय निवासी भारत राय ने बताया कि क्षेत्र में ट्रांसफार्मरों की कमी है। इस कारण एक ट्रांसफार्मर पर अधिक लोड आ जाता है। इससे हर दो-तीन दिन में बिजली आपूर्ति बाधित होती है। उन्होंने बिजली विभाग से शिकायत की बात कही। राय ने बताया कि हर बार जल्द समाधान का आश्वासन देकर मामला टाल दिया जाता है। निवासी यूके मिश्रा ने कहा कि रातभर बिजली गुल रहने से दिनचर्या प्रभावित होती है। बच्चों की पढ़ाई और स्कूल जाने में भी दिक्कत आती है।
क्षेत्र में चार ट्रांसफार्मर हैं। एक फेज पर अधिक लोड होने के कारण समस्या उत्पन्न हुई थी। लोड का संतुलन कर दिया गया है। क्षतिग्रस्त पेटी को भी ठीक करा दिया गया है। बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई।-अवर अभियंता (जेई) हरिनाथ पाल