कटियामारी रोकने के लिए शुक्रवार को पुराने शहर के कई इलाकों में भोर में छापा मारा गया। बिजली विभाग के अधिकारी प्रवर्तन दल की टीम के साथ तब छापा मारने निकले, जब लोग गहरी नींद में सो रहे थे। इस दौरान कई लोग कटिमारी से एसी, फ्रिज चलाते पकड़े गए। इस दौरान कुछ लोगों ने कटिया उतारने की कोशिश भी की, लेकिन वीडियोग्राफी में कैद होने की वजह से कार्रवाई की जद में आ गए। कटियामारी के आरोप में 50 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
बिजली चोरी की सूचना मिलने पर अफसरों ने भोर में छापा मारा। इसमें नेतानगर, कीड़गंज, नई बस्ती, बारह खंभा, राजेंद्र नगर, कटघर, मुट्ठीगंज समेत कई मोहल्लों में करीब 150 घरों के कनेक्शनों की जांच की गई। इसमें दर्जनों घरों में कटियामारी पकड़ी गई। इसके अलावा कई ऐसे कनेक्शन मिले, जिनमें मीटर बाईपास कर बिजली जलाई जा रही थी। बिलों के बकाए पर स्मार्ट मीटर की कटी लाइनों को भी बाईपास बना कर बिजली चोरी के मामले पकड़े गए।
इसी तरह कुछ लोग मीटर बाईपास के जरिए एसी और फ्रिज चलाते पाए गए।टीम का नेतृत्व एसडीओ नितिन बरनवाल ने किया। छापे के दौरान अफरातफरी का माहौल बना रहा। एसडीओ ने बताया कि कुछ लोगों ने प्रवर्तन टीम के पहुंचने पर कटिया उतारने की कोशिश की, लेकिन वीडियो रिकॉर्डिंग कर सभी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई। इस कार्रवाई में प्रवर्तन दल निरीक्षक जनार्दन यादव, आनंद पांडेय, अवर अभियंता राजकुमार सिंह, राहुल यादव, वेद तिवारी शामिल थे।