Electric locomotive train will start till Faizabad next year
प्रयागराज। इलाहाबाद जंक्शन से प्रतापगढ़ तक अगले वर्ष इलेक्ट्रिक इंजन लगी ट्रेनों का संचालन शुरू हो जाएगा। केेंद्रीय रेल विद्युतीकरण संगठन (कोर) का दावा है कि जुलाई 2020 तक इलाहाबाद-प्रतापगढ़-फैजाबाद रेलमार्ग का विद्युतीकरण कर लिया जाएगा। कोर ने इसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस प्रोजक्ट की लागत 64.46 करोड़ रुपये है।
इलाहाबाद जंक्शन से फाफामऊ होते हुए ऊंचाहार तक का कोर ने विद्युतीकरण कार्य दो वर्ष पूर्व ही कर लिया था। अब फाफामऊ से फैजाबाद के बीच रेलवे यह काम कोर शुरू करेगा। इसकी कुल लंबाई 140 किलोमीटर है। पहले चरण में फाफामऊ से प्रतापगढ़ के बीच यह काम कोर करेगा। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया अब निर्णायक दौर में है।
कोर अफसरों का कहना है कि यह काम पूरा करने का लक्ष्य जुलाई 2020 निर्धारित किया गया है। हालांकि अगर यह काम पूरा होने के बाद सीआरएस निरीक्षण आदि प्रक्रिया भी होगी। ऐसे में अक्तूबर 2020 तक इलाहाबाद-फैजाबाद रेलमार्ग पर इलेक्ट्रिक इंजन लगी ट्रेनों का संचालन शुरू हो जाएगा। कोर के सीपीआरओ एसके मिश्र के मुताबिक जनवरी 2020 से यह काम शुरू हो जाएगा। उन्होंने बताया कि इलाहाबाद-मुंबई रेल मार्ग के कटनी-जबलपुर रेल खंड पर भी विद्युतीकरण का कार्य चल रहा है। इसी वित्तीय वर्ष में यह काम पूरा हो जाएगा। इसके पूरा होते ही इलाहाबाद जंक्शन-मुंबई रेलमार्ग का भी पूर्ण रूप से विद्युतीकरण हो जाएगा।
फैजाबाद रूट की इन ट्रेनों में लगेंगे इलेक्ट्रिक इंजन
0 इलाहाबाद-फैजाबाद रूट का विद्युतीकरण होने के बाद इस रूट पर चलने वाली साकेत एक्सप्रेस, यशवंतपुर सुपरफास्ट, नवतनवा-दुर्ग एक्सप्रेस, सरयू एक्सप्रेस, प्रयागघाट-फैजाबाद पैसेंजर, श्रद्धासेतु एक्सप्रेस आदि ट्रेनें इलेक्ट्रिक इंजन से लैस हो जाएंगी।