जिला योजना समिति के सदस्यों के चुनाव का शंखनाद बुधवार को हो गया। 24 सदस्यीय समिति के लिए तीन सितंबर को मतदान होगा। इनका चुनाव जिला पंचायत सदस्यों में से ही होगा।
डीएम संजय कुमार खत्री ने जिला योजना समिति के सदस्यों के चुनाव की अधिसूचना जारी कर दी। अनारक्षित वर्ग से आठ सदस्य चुने जाएंगे। अन्य पिछड़ा एवं अनुसूचित जाति वर्ग के चार-चार सदस्य चुने जाएंगे। आठ महिला सदस्य चुनी जाएंगी। इनमें से चार अनारक्षित तथा अन्य पिछड़ा एवं अनुसूचित वर्ग से दो-दो महिला सदस्यों का चुनाव होगा। जिले में कुल 84 जिला पंचायत सदस्य हैं। जिला योजना समिति के लिए इन्हीं में से चुनाव होगा।
चुनाव का कार्यक्रम
- नामांकन पत्र 25 से 27 अगस्त लिए जा सकेंगे
- नामांकन 27 अगस्त को दिन में 11 से चार बजे के बीच
- नामांकन पत्रों की जांच 27 अगस्त को शाम चार बजे से
- नाम वापसी 31 अगस्त को दिन में 11 से तीन बजे के बीच
- मतदान तीन सितंबर को सुबह आठ से अपराह्न तीन बजे तक
- मतगणना तीन सितंबर को तीन बजे के बाद
भाजपा के सामने समिति पर पकड़ बनाने की होगी चुनौती
भाजपा समर्थित 15 उम्मीदवार ही जिला पंचायत सदस्य चुने गए थे। इसके बावजूद पार्टी समर्थित डॉ. वीके सिंह अध्यक्ष निर्वाचित हुए लेकिन अब उनके सामने अधिक से अधिक सदस्यों को जिला योजना समिति में पहुंचाने की चुनौती होगी। सपा की ओर से पहले ही दावा किया जा चुका है कि सदन में उसके 33 से अधिक सदस्य हैं। ऐेसे में चुनाव की घोषणा के साथ समिति में पकड़ बनाए रखने की होड़ भी दोनों दलों के बीच शुरू हो गई है।