इलाके के चौकी गांव में बुधवार की रात संदिग्ध परिस्थितियों में झुलसने से बालाराम की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बालाराम गांव में रहने वाले ठेकेदार विपिन बिहारी मिश्रा के घर की देखरेख और खेती करता था। विपिन बिहारी को सूचना दे दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही पता चलेगा कि हत्या का मामला था या दुर्घटना का।
चौकी गांव के विपिन बिहारी मिश्रा ठेकेदार हैं। वह परिवार समेत छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में रहते हैं। यहां पैतृक घर की रखवाली बिलासपुर का रहने वाला बालाराम (55) करता था। बालाराम न सिर्फ घर की देख रेख करता था बल्कि खेती भी करता था। बुधवार रात में बालाराम खाना खाकर जमीन पर बिस्तर डालकर सो गया। वहीं बगल में अंगीठी जलाकर रखा था। सुबह जब देर तक बालाराम नहीं उठा तो पड़ोसियों ने दरवाजा खोलकर देखा तो बालाराम का पूरी शरीर जल गया था। उसकी मौत हो चुकी थी।
मौके पर पहुंचे चौकी प्रधान प्रतिनिधि पद्मदेव सिंह यादव ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। कुछ ही देर में मौके पर पहुंचे सिरसा चौकी इंचार्ज हरगोविन्द सिंह ने लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चौकी इंचार्ज सिरसा ने बताया कि अनुमान है कि रात में सोने से पहले बालाराम अंगीठी जलाकर सोया था। रात में आग की चपेट में आने से बालाराम की झुलसकर मौत हो गई। वहीं अड़ोस-पड़ोस के लोगों ने दबी जुबां से घटना को हत्या बता रहे हैं। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि विपिन बिहारी को सूचना दे दी है। घटना को लेकर गांव-गांव में तरह-तरह की चर्चा की जा रही है।