उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय को उच्च शिक्षा में शोध के लिए रिसर्च एंड डेवलपमेंट योजना के अंतर्गत यूपी सरकार से अभी तक की सर्वाधिक सात शोध परियोजनाओं को मंजूरी मिली है। इसके तहत वित्तीय वर्ष 2022-23 के लिए लगभग 12 लाख रुपये का अनुदान स्वीकृत किया गया है। कुलपति प्रो. सीमा सिंह ने बताया कि मुक्त विश्वविद्यालय इन शोध परियोजनाओं को पूर्ण करके एक नया आयाम स्थापित करेगा। हाल ही में यूजीसी ने मुक्त विश्वविद्यालय के कोर्स को रेगुलर कोर्स के समतुल्य करार दिया है। इसी वर्ष से विश्वविद्यालय ने रेगुलर शोध कार्य प्रारंभ किया है। ऐसे में यह शोध परियोजनाएं विश्वविद्यालय के लिए मील का पत्थर साबित होंगी।
उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय के प्रोफेसर पीके पांडेय, प्रोफेसर एस कुमार, प्रोफेसर छत्रसाल सिंह, डॉ. आनंदानंद त्रिपाठी एवं डॉ. त्रिविक्रम तिवारी( संयुक्त रूप से), डॉ. संजय कुमार सिंह, डॉ. श्रुति एवं डॉ. ज्ञान प्रकाश यादव को शोध परियोजनाओं के लिए लगभग 12 लाख की ग्रांट स्वीकृत हुई है। मीडिया प्रभारी डॉ. प्रभात चंद्र मिश्र ने बताया कि विश्वविद्यालय के रजत जयंती वर्ष के अवसर पर शिक्षकों की इस उपलब्धि पर कुलपति प्रोफेसर सीमा सिंह ने बधाई दी।